अजित पवार के निधन पर रंग दे बसंती के मेकर्स ने जताया शोक, फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग की पोस्टपोन

राकेश ओमप्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनी ‘रंग दे बसंती’ को फैंस ने बहुत पसंद किया था. फिल्म में आमिर खान, सिद्धार्थ सूर्यनारायण, सोहा अली खान, शरमन जोशी, कुणाल कपूर, अतुल कुलकर्णी और अनुपम खेर नजर आए. ये फिल्म भारतीय सिनेमा की उन फिल्मों में शामिल है जिसने फिल्ममेकिंग और सोशल मैसेज वाली कहानी कहने का तरीका ही बदल दिया.

यादगार परफॉर्मेंस के दम पर ये फिल्म पूरे देश में एक फेनोमेनन बन गई. इस फिल्म ने बहस छेड़ी, एक पूरी पीढ़ी को सोचने पर मजबूर किया और अपनी बेबाक कहानी और निडर अंदाज के जरिए दर्शकों से गहरा इमोशनल कनेक्शन बना लिया.

फिल्म की स्क्रीनिंग हुई पोस्टपोन

अब पूर्व लोकसभा सांसद अजित पवार के अचानक निधन पर देश शोक में डूबा है. ऐसे में मेकर्स ने फिल्म की स्क्रीनिंग को फिलहाल पोस्टपोन कर दिया है. सोशल मीडिया पर मेकर्स ने पूर्व लोकसभा सांसद अजित पवार के असामयिक निधन पर शोक जताते हुए 30 जनवरी को होने वाली फिल्म की स्क्रीनिंग को पोस्टपोन करने की घोषणा की.

मेकर्स ने संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने लिखा, ‘श्री अजित पवार जी के असामयिक निधन और राज्य में शोक की अवधि को देखते हुए, 30 जनवरी को होने वाली रंग दे बसंती की स्पेशल स्क्रीनिंग को पोस्टपोन किया जाता है. इस दुख की घड़ी में हम देश के साथ शोक में शामिल हैं और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं.

एक्टर्स ने जताया शोक

अजित पवार के निधन पर अजय देवगन, अक्षय कुमार, कंगना रनौत, रितेश देशमुख जैसे एक्टर्स ने दुख जताया. अजय देवगन ने पोस्ट कर लिखा था, ‘माननीय उपमुख्यमंत्री अजीत पवार जी के दुखद निधन से स्तब्ध और दुखी हूं. उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं, ओम शांति.’ वहीं रितेश देशमुख ने लिखा- अजित दादा के एक्सीडेंट में अचानक निधन से मैं शॉक्ड हूं. मेरा दिल टूट गया है.


Leave a Comment