‘अब सहेंगे नहीं… लड़ेंगे’, ‘द केरल स्टोरी 2′ का झकझोर कर रख देने वाला टीजर जारी

फिल्ममेकर विपुल अमृतलाल शाह की आने वाली फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2: गोइज बियॉन्ड’ का टीजर अब रिलीज हो चुका है. ये फिल्म पहले पार्ट की कहानी को आगे बढ़ाती है और समाज में छुपे संवेदनशील मुद्दों को बड़े पर्दे पर पेश करने का प्रयास करती है. फिल्म की कहानी चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ भावनाओं से भरपूर है. टीजर देख फैंस सोचने पर मजबूर हो जाएंगे और ये साफ जाहिर करता है कि फिल्म सिर्फ एंटरटेनमेंट नहीं बल्कि एक संदेश भी देती है.

तीन लड़कियों की बदलती जिंदगी
टीजर में दिखाया गया है कि तीन हिंदू लड़कियों की जिंदगी अचानक बदल जाती है. इन लड़कियों की भूमिका उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया ने निभाई है. कहानी में तीनों का मुस्लिम लड़कों के साथ प्यार और रिश्ते दिखाए गए हैं लेकिन धीरे-धीरे सामने आता है कि इनके पीछे एक बड़ी साजिश है. प्यार और भरोसे के रिश्ते धीरे-धीरे धोखे और धर्म परिवर्तन की जटिलताओं में बदल जाते हैं.

लड़कियां अब उठाएंगी आवाज
टीजर में उल्का, ऐश्वर्या और अदिति हिजाब पहनकर अपने दर्द को बयां करती हैं कि कैसे प्यार के जाल में फंसाकर उनका धर्म बदल दिया गया. लेकिन इस बार वो सिर्फ शिकार नहीं बनेंगी. लड़कियां सवाल करेंगी, आवाज उठाएंगी और अपने साथ हुए धोखे का जवाब देंगी. टीजर के आखिर में ये डायलॉग सुनाई देता है, ‘अब सहेंगे नहीं… लड़ेंगे.’

फिल्म की टीम और प्रोडक्शन
फिल्म को विपुल अमृतलाल शाह के प्रोडक्शन में बनाया गया है और इसे आशीष ए. शाह ने सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले को-प्रोड्यूस किया है. निर्देशन की जिम्मेदारी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कामाख्या नारायण सिंह ने संभाली है. ये टीम पहले पार्ट की सफलता के बाद इस सीक्वल में भी लोगों को गहराई और रियलिटी देने का प्रयास कर रही है.

पहले पार्ट की याद और रिलीज डेट
फिल्म का पहला पार्ट ‘द केरल स्टोरी’ बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी. उस फिल्म में अदा शर्मा, योगिता बिहानी और सिद्धि इदनानी ने केरल की तीन हिंदू लड़कियों शालिनी, नीमा और गीतांजलि की भूमिका निभाई थी. जो इस्लाम में बदलने के गुप्त एजेंडे का शिकार हो जाती हैं और बाद में आईएसआईएस से जुड़ने के लिए अफगानिस्तान भेज दी जाती हैं. अब ‘द केरल स्टोरी 2: गोइज बियॉन्ड’ 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और लोगों को फिर से एक मजबूत, चुनौतीपूर्ण और भावनाओं से भरी कहानी देखने को मिलेगी.

Leave a Comment