बॉलीवुड एक्ट्रेस वामिका गब्बी आज के समय में इंडस्ट्री की सबसे डिमांडिंग अभिनेत्री बन चुकी हैं. आज वह केवल नाम नहीं बल्कि ब्रांड बन गई हैं. एक समय ऐसा था जब वह एक्टिंग को हल्के में लेने लगी थीं और काम में मजा ना आने की वजह से उन्होंने इससे दूरियां बनाने का मन बना लिया था लेकिन किस्मत को तो कुछ और ही मंजूर था और अब वह इंडस्ट्री की बड़ी हीरोइनों को भी टक्कर देने लगी हैं. हाल ही में उनकी अपकमिंग फिल्म ‘भूत बंगला’ का ट्रेलर जारी किया गया. इसमें उन्हें काफी पसंद किया जा रहा है लेकिन, इसके अलावा और भी कई प्रोजेक्ट्स हैं, जिसके जरिए वह स्क्रीन पर अपनी एक्टिंग का दम दिखाने वाली हैं.
इन 7 फिल्मों में दिखेंगी वामिका गब्बी
‘भूत बंगला’ समेत वामिका गब्बी की पाइपलाइन में कई फिल्में शामिल हैं, जिसमें वह दिखाई देने वाली हैं. इसमें ‘पति, पत्नी और वो’ का सीक्वल ‘पति, पत्नी और वो दो’, इमरान हाशमी और अदिवी शेष के साथ ‘गोदाचरी 2’, लोकेश कनकराज की एक्टिंग डेब्यू फिल्म ‘डीसी’, सिद्धांत चतुर्वेदी संग ‘दिल का दरवाजा खोल ना डार्लिंग’, ‘टिकी-टाका’ और ‘कुकू की कुंडली’ जैसी फिल्में उनकी लिस्ट में शामिल हैं. फैंस को भी उनकी इन फिल्मों की रिलीज का बेसब्री से इंतजार है.
आपको बता दें कि वामिका गब्बी, अक्षय कुमार के साथ ही जल्द ‘भूत बंगला’ से स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आने वाली हैं. इसे 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. ये एक हॉरर कॉमेडी फिल्म है.

कभी एक्टिंग छोड़ने वाली थीं वामिका गब्बी
फिल्म ‘भूल चूक माफ’ की रिलीज के दौरान वामिका गब्बी ने सिद्धार्थ कन्नन से बात की थी और इस दौरान उन्होंने अपने करियर को लेकर काफी कुछ शेयर किया था. उन्होंने बताया था कि 2019 में वह कुछ फिल्में कर रही थीं और उन्हें मजा नहीं आ रहा था. वह सीख नहीं पा रही थीं. उन्होंने माना था कि वह एक्टिंग में भी उस समय ज्यादा अच्छी नहीं थीं. हालांकि, बाद में उन्हें एहसास हुआ था कि एक्टिंग कितना बड़ा समंदर है.
एक्ट्रेस ने बताया था कि वह 2019 में सब कुछ छोड़ना चाहती थीं. इसके बाद किसी और काम में किस्मत आजमाना चाहती थीं. इसी बीच उन्हें 83 ऑफर हुई और लंदन जाने का मौका मिला तो उन्होंने घूमने के लालच में हां कर दिया. यहां उन्हें एहसास हुआ कि लाइफ में मकसद होना जरूरी है, जिसके बाद उन्होंने अपना फैसला बदल लिया.

रश्मिका मंदाना है इंडस्ट्री की सबसे बिजी अभिनेत्री!
फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों रश्मिका मंदाना सबसे बिजी एक्ट्रेस मानी जाती हैं, जिनके पास बैक टू बैक प्रोजेक्ट्स हैं, जिसमें वह नजर आने वाली हैं. पिछले तीन सालों में अभिनेत्री ने ‘पुष्पा 2’, ‘एनिमल’ और ‘छावा’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दी. वह सलमान खान के साथ ‘सिकंदर’ और आयुष्मान खुराना के साथ ‘थामा’ जैसी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं. पिछले कुछ सालों से वह लगातार बिजी चल रही हैं. वहीं, शादी के बाद भी वह काम निपटाने में जुटी हुई हैं.
रश्मिका मंदाना की पाइपलाइन में आज ‘मायसा’ और ‘रानाबली’ जैसी फिल्में शामिल हैं. इसके अलावा वह शाहिद कपूर के साथ रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘कॉकटेल 2’, ‘एनिमल पार्क’ और ‘पुष्पा 3: द रैम्पेज’ जैसी फिल्मों में नजर आने वाली हैं. फैंस भी उनकी फिल्मों की रिलीज का बेसब्री से इंतजार करते हैं. वामिका गब्बी के मुकाबले रश्मिका की डिमांड ज्यादा है साथ ही उनके पास लगभग बड़े प्रोजेक्ट्स हैं.