वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज (1 फरवरी) को संसद में 2026-27 का बजट पेश किया. उनके इस बजट को लेकर विपक्ष मोदी सरकार पर हमलावर है. टैरिफ, गिरते रुपये और इंपोर्ट को लेकर विपक्षी नेता सरकार पर सवाल उठा रहे हैं.
प्रियंका चतुर्वेदी ने बजट को लेकर उठाए सवाल
बजट के बाद शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने एबीपी न्यूज से बात करते हुए बजट को लेकर तमाम सवाल उठाए. प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि ये बजट बहुत निराश करने वाला रहा है, जब दुनियाभर में इतनी उथल-पुथल चल रही है. अमेरिकी टैरिफ के कारण इंपोर्ट करने वाले व्यापारी भारी हताशा में हैं.
पीएम मोदी का जिक्र कर क्या कहा
उन्होंने आगे कहा कि रुपया लगातार गिरने से हमारे इंपोर्टर खासे परेशान हैं. ऐसे में इस बजट से काफी उम्मीदें थी कि उनके लिए सरकार कुछ करेगी. कोई घोषणा करेगी ताकि उन्हें राहत मिले पर ऐसा कुछ नहीं हुआ. शिवसेना (यूबीटी) सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो इतने रिफॉर्म की बात की थी, ऐसा कुछ भी इस बजट में नहीं दिखा. ये बजट तो बहुत निराश करने वाला है. शेयर मार्केट का भी बहुत बुरा हाल है.
‘सरकार ने एआई पर ध्यान दिया है’
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि देश को दिशा दिखाने वाला बजट होना चाहिए था, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ. जब उनसे पूछा गया कि आप 10 में से इस बजट को कितने नंबर देंगी तो उन्होंने कहा कि 4 नंबर. इसके अलावा उन्होंने ये भी कहा कि सरकार ने एआई पर ध्यान दिया है और रेयर मिनरल्स के लिए कॉरिडोर की बात की है, लेकिन वो सब कैसा होगा, ये नहीं बताया गया है.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में रेयर अर्थ मिनरल कॉरिडोर बनाने की घोषणा की है. दक्षिण भारत के तमिलनाडु, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और केरल में सरकार ये कॉरिडोर बनाएगी.
ये भी पढ़ें
‘केरल का कहीं जिक्र नहीं हुआ’, निर्मला सीतारमण के बजट भाषण पर शशि थरूर का पहला रिएक्शन