‘सरदार पटेल की योजना, नेहरू ने शिलान्यास किया, मैंने उद्घाटन किया’, राज्यसभा में बोले PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देने पहुंचे. लेकिन भाषण के दौरान विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया और सदन से वॉकआउट कर लिया. हालांकि, PM मोदी ने अपना भाषण जारी रखा और कहा कि जो लोग थक कर चले गए उन्हें जवाब देना होगा. PM मोदी ने अपने भाषण में कई बड़ी बातें कहीं हैं…

कांग्रेस ने भारत को 11 नबंर की इकोनॉमी पर पहुंचाया: PM मोदी

PM मोदी ने कहा कि भारत आज विश्व की चुनौतियों का समाधान देने वाला देश बन गया है. जब देश आजाद हुआ था तो 6 नंबर की इकॉनमी पर थे. लेकिन कांग्रेस ने 11 नंबर पर पहुंचा दिया. आज हम इसको 3 नंबर पर लेकर जा रहे हैं. कांग्रेस के प्रधानमंत्रियों के भाषण का विश्लेषण करके देख लो न उनके पास कोई विजन था न ही कोई इच्छाशक्ति थी. उस समय में जो भारत की छवि थी उसको तोड़ने में हमारी काफी शक्ति लगी है. हमने उनकी गलतियां सुधारी हैं.

PM मोदी ने कहा, ‘जब मैं पैदा भी नहीं हुआ था तब सरदार वल्लभ भाई पटेल ने सरदार सरोवर बांध का सपना देखा था. अब जब मैं प्रधानमंत्री बना तो उनका सपना पूरा किया है.’

नेहरू-इंदिरा देशवासियों को समस्या समझते थे: PM मोदी

PM मोदी ने इंदिरा गांधी और जवाहर लाल नेहरू पर तंज कसते हुए कहा, ‘जब किसी ने इंदिरा गांधी से पूछा था कि भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के सामने कितनी समसम्याएं हैं? तो उन्होंने उत्तर दिया था 35 करोड़. उस समय हमारे देश की जनसंख्या 35 करोड़ थी. 35 करोड़ देशवासी नेहरू को समस्या लगते थे. इंदिरा ने आगे कहा कि आज देश की जनसंख्या 57 करोड़ है. इसलिए मेरी समस्याओं की संख्या भी उतनी ही बढ़ी है. पिता को 35 करोड़, इंदिरा को 57 करोड़ है. ऐसा हो सकता है क्या?’

कांग्रेस के कार्यकाल में नेताओं के फोन से मिलते थे पैसे: PM मोदी

PM मोदी ने कहा कि 2014 से पहले फोन बैंकिंग ऐसी थी की नेता का फोन जाता था और उनको करोड़ों रुपए मिल जाते थे. कांग्रेस के एक फोन पर अरबों रूपए मिलते रहे और गरीब लोग बैंकों का मुंह ताकते रह जाते थे. कांग्रेस के राज में बैंकिंग व्यवस्था तबाही की कगार पर कड़ी थी. PM मोदी ने कहा, ‘हमारे सामने चुनौती बड़ी थी हमने हिम्मत से काम लिया और ढेर सारे बैंकिंग रिफॉर्म किए. हमने सरकारी बैंक का बड़े बैंकों के साथ मर्जर किया, जिससे बैंकों में जो बीमारी घर कर गई थी उससे मुक्ति मिली और बैंक अब तेजी से दौड़ रहे हैं.’

Leave a Comment