केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) रविवार (1 फरवरी 2026) को लगातार नौवीं बार पूर्णकालिक बजट (Union Budget 2026-27) पेश किया. इस दौरान कई बड़े ऐलान किए गए. बजट की घोषणा के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा कि यह बजट मैन्युफैक्चरिंग से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर तक, स्वास्थ्य से लेकर टूरिज्म तक और गांवों से लेकर शहरों तक सभी क्षेत्रों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. उन्होंने कहा कि इस बजट में युवाओं, महिलाओं और किसानों को केंद्र में रखा गया है, ताकि वे आगे बढ़ सकें और देश के विकास में अपनी अहम भूमिका निभा सकें.
गृहमंत्री ने यह भी कहा कि विकसित भारत बजट हर गांव, हर कस्बे और हर शहर तक विकास की रोशनी पहुंचाने का काम करेगा. चाहे बात ग्रामीण इलाकों की हो या आधुनिक तकनीक जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की, इस बजट में हर क्षेत्र को आगे ले जाने की सोच दिखाई देती है. खेलों से लेकर धार्मिक स्थलों और तीर्थों तक, हर सेक्टर के लिए इसमें नई संभावनाएं हैं.अमित शाह ने खासतौर पर इस बात पर जोर दिया कि यह बजट 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखकर बनाया गया है. उन्होंने कहा कि आने वाले 25 वर्षों का साफ रोडमैप इस बजट में नजर आता है, जिससे देश को आगे बढ़ने की सही दिशा मिलेगी.
मैन्युफैक्चरिंग से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर तक, स्वास्थ्य से लेकर टूरिज्म तक, ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर AI तक, स्पोर्ट्स से लेकर तीर्थों तक, #ViksitBharatBudget हर गाँव, हर कस्बे और हर शहर के युवाओं, महिलाओं तथा किसानों के सपनों को शक्ति देकर उन्हें पूरा करने वाला बजट है।
2047 तक…
— Amit Shah (@AmitShah) February 1, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी बधाई
अपने संदेश में अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस बजट के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह बजट हर भारतवासी की उम्मीदों को मजबूत करता है और देश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है. कुल मिलाकर, अमित शाह का मानना है कि बजट 2026 देश के विकास की नींव को और मजबूत करेगा और भारत को एक उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाएगा.
ये भी पढ़ें: Budget 2026 LIVE Updates: देश में 3 नए AIIMS, 7 रेल कॉरिडोर… बजट में रक्षा मंत्रालय को कितना फंड मिला?