रणवीर सिंह की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त चर्चा में है. आज ही सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है और रिलीज के साथ ही इसे ब्लॉकबस्टर माना जा रहा है. हालांकि, फिल्म की शुरुआत में उन्हें कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ा. पहले ही दिन कुछ तकनीकी समस्याओं की वजह से कई सिनेमाघरों में शो रद्द करने पड़े, जिससे दर्शकों और थिएटर मालिकों बहुत परेशानी हुई.
500 सिनेमाघरों में हुए शोज कैंसिल
ईटाइम्स के साथ एक इंटरव्यू में मुंबई के मशहूर थिएटर मालिक मनोज देसाई ने फिल्म के मेकर्स पर नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि फिल्म दिखाने के लिए जरूरी KDM (Key Delivery Message) समय पर नहीं भेजा गया, जिसकी वजह से देशभर के करीब 500 सिनेमाघरों में शो कैंसिल हो गए. उनके अपने थिएटर गैइटी, गैलेक्सी और मराठा मंदिर में भी कई शो रद्द करने पड़े और KDM भी करीब दो घंटे बाद पहुंचा. इसके कारण मल्टीप्लेक्स चेन में भी हजारों टिकट कैंसिल हुए. इसके बावजूद फिल्म ने अपने पेड प्रीव्यू शोज में लगभग 43 करोड़ रुपये की कमाई कर ली.
क्या होता है KDM?
बता दें, KDM एक तरह की डिजिटल चाबी होती है, जिसके बिना कोई भी थिएटर फिल्म को चला नहीं सकता. यह सुरक्षा के लिए इस्तेमाल की जाती है, ताकि फिल्म केवल तय समय और जगह पर ही दिखाई जा सके. आदित्य धर द्वारा डायरेक्ट फिल्म के दूसरे पार्ट में रणवीर सिंह, राकेश बेदी, सारा अर्जुन, संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं. शुरुआती दिक्कतों के बावजूद, गुड़ी पड़वा के मौके पर फिल्म के कई शो हाउसफुल जा रहे हैं, जिससे साफ है कि दर्शकों में इसका जबरदस्त क्रेज बना हुआ है. साथ ही पहले दिन फिल्म ने जबरदस्त कमाई करते हुए कई फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ चुकी है.