शाहरुख खान और सलमान खान बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टार्स हैं. दोनों की ही देश और दुनिया भर में तगड़ी फैन फॉलोइंग है. वहीं इन दोनों स्टार्स ने अपने अब तक के करियर में तमाम ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं और दर्शकों को अपनी एक्टिंग का दीवाना बनाया हुआ है.
इसी के साथ बॉलीवुड के ‘किंग खान’ यानी शाहरुख खान और बी टाउन के ‘भाईजान’ यानी सलमान खान काफी लग्जरी लाइफ भी जीते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं इन दोनों सुपरस्टार्स में से कौन ज्यादा दौलतमंद है? चलिए इस रिपोर्ट में हम आपको बताते हैं कि शाहरुख खान और सलमान खान कितनी संपत्ति के मालिक हैं?
कितनी है शाहरुख खान की नेटवर्थ?
शाहरुख खान ने अपनी संपत्ति के दम पर एंटरटेनमेंट जगत के सबसे अमीर स्टार्स में अपना दबदबा कायम किया हुआ हैं. हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक शाहरुख खान भारत के एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर राज करने वाले अरबपतियों में से एक हैं. शाहरुख खान वाकई सफलता का जीता-जागता उदाहरण हैं, जिन्होंने शून्य से इस अरबों डॉलर के साम्राज्य को खड़ा किया है. हालांकि वे भाग्य में विश्वास रखते हैं, उन्होंने यह भरोसा दिलाया है कि ‘जो कुछ नहीं करते, वो कमाल करते हैं!’ उनकी अकूत संपत्ति आपको लाइफ में कुछ करने के लिए इंस्पायर करती है.
इसी के साथ बतादें कि हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक शाहरुख खान की कुल नेटवर्थ लगभग 1.3 अरब डॉलर (लगभग 10 हजार 800 करोड़ रुपये) है.

शाहरुख खान का कमाई का मेन जरिया क्या है?
शाहरुख खान अपनी फिल्म प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट और वीएफएक्स कंपनी से मोटी कमाई करते हैं . उनका ये प्रोडक्शन हाउस ब्लॉकबस्टर फिल्में बनाता है. शाहरुख खान आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के को-ऑनर भी हैं. वहीं वे अपनी फिल्मों की फीस और प्रॉफिट शेयरिंग के अलावा ब्रांड एंडोर्समेंट से भी मोटा पैसा कमाते हैं. उनके पास मुंबई में 200 करोड़ से ज्यादा का बंगला मन्नत है. वहीं दुबई और लंदन में भी उनकी प्रॉपर्टी फैली हुई है.
सलमान खान की कितनी है नेटवर्थ?
सलमान खान दशकों से बॉलीवुड के सबसे सफल सितारों में से एक रहे हैं. ब्लॉकबस्टर फिल्मों से लेकर लंबे समय तक चलने वाले मोस्ट कॉन्ट्रोवर्शियल टीवी शो बिग बॉस से उन्होंने खूब पैसे छापे हैं. सियासत डेली के मुताबिक 2026 में सलमान खान की नेटवर्थ लगभग 3,225 करोड़ रुपये होने का अनुमान है.
कहां-कहां से कमाई करते हैं सलमान खान?
बता दें कि सलमान खान अपनी हर फिल्म से 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की फीस वसूलते हैं. साथ ही वे फिल्मों से प्रॉफिट शेयरिंग भी लेते हैं. सलमान खान के लिए अगर फिल्में कमाई करने का एक पिलर हैं, तो टेलीविजन उनके लिए सोने की खान है. सलमान एक दशक से भी ज्यादा समय से बिग बॉस का चेहरा रहे हैं. खबरों के मुताबिक, उन्हें हर वीकेंड एपिसोड से 10-12 करोड़ रुपये और पूरे सीजन से 150-250 करोड़ रुपये मिलते हैं. फिनकैश के मुताबिक बिग बॉस का एक सीजन उनकी संपत्ति में लगभग 200 करोड़ रुपये जोड़ सकता है.

खबरों के मुताबिक, सलमान खान ब्रांड एंडोर्समेंट के लिए 7-10 करोड़ रुपये लेते हैं. कई डील्स के चलते, सिर्फ इन्हीं से उनकी सालाना कमाई लगभग 150-300 करोड़ रुपये हो जाती है. उनके ब्रांड ‘बीइंग ह्यूमन’ के कपड़े और चैरिटी ऑर्गेनाइजेशन से भी उन्हें अच्छी खासी आमदनी होती है. उनकी अपनी प्रोडक्शन कंपनी ‘सलमान खान फिल्म्स’ भी है, जिससे उनकी आमदनी का एक और मजबूत जरिया जुड़ जाता है.
सलमान खान कई प्रॉपर्टी के हैं मालिक
सलमान की रियल एस्टेट संपत्ति भी काफी इम्प्रेसिव. उनका मुंबई के बांद्रा में गैलेक्सी अपार्टमेंट है, जिसकी अनुमानित कीमत 100 करोड़ रुपये से ज्यादा है. उनका पनवेल स्थित फार्महाउस भी है जिसकी कीमत भी लगभग 80-100 करोड़ रुपये बताई जाती है. महाराष्ट्र भर में उनकी कई अन्य संपत्तियां भी हैं.