6 से 7 महीने की लंबी रिसर्च के बाद तैयार हुई ‘द केरल स्टोरी 2’, विपुल शाह ने बताई तैयारी की पूरी कहानी

विपुल अमृतलाल शाह इंडियन सिनेमा के उन फिल्ममेकर्स में गिने जाते हैं जिन्होंने हमेशा अलग और असरदार फिल्में बनाई हैं. उनके खाते में कई ऐसी फिल्में हैं जो समय के साथ कल्ट बनीं और जिनका समाज पर गहरा असर पड़ा है. ‘द केरल स्टोरी’ भी उन्हीं में से एक थी. इस फिल्म ने न सिर्फ अच्छी कमाई की बल्कि पूरे देश में बहस छेड़ दी थी. कहानी एक ऐसे रियल मुद्दे पर थी जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया था. अब विपुल शाह उसी विषय को आगे बढ़ाते हुए ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ लेकर आ रहे हैं.

टीजर में दिखी कड़वी सच्चाई 
हाल ही में फिल्म का टीजर रिलीज हुआ जिसमें डर, गुस्सा और सख्त सच्चाई की झलक साफ दिखाई देती है. ये साफ है कि इस बार कहानी पहले से ज्यादा गहरी और कई परतों वाली होने वाली है. नेशनल अवॉर्ड जीत चुके डायरेक्टर कमाख्या नारायण सिंह इस फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि कहानी भारतीय लीगल सिस्टम में दर्ज असली घटनाओं से प्रेरित है जिन्हें दमदार सिनेमाई अंदाज में पेश किया गया है. खुद विपुल शाह ने कहा कि टीम ने महीनों तक बारीकी से रिसर्च की है ताकि जो दिखाया जाए वो पूरी तरह सच्चाई और फैक्ट्स पर टिका हो.

‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ तीन अहम कहानियों पर आधारित है जो कई असली कोर्ट केस से इंस्पायर्ड बताई जा रही हैं. विपुल शाह ने कहा कि उनका मकसद सिर्फ तीन लड़कियों की कहानी बताना नहीं था बल्कि पूरे देश की तस्वीर सामने लाना था. इसलिए कई दूसरी पीड़ित लड़कियों की जिंदगी से जुड़े पहलुओं को भी इसमें शामिल किया गया है. यानी कहानी तीन चेहरों की है लेकिन उसमें कई और सच्चाइयों की झलक भी देखने को मिलेगी.

ग्राउंड लेवल पर की गई गहरी पड़ताल
विपुल शाह ने साफ कहा कि फिल्म सिर्फ कागजी रिसर्च पर नहीं बनी है. टीम ने लगभग छह से सात महीने तक मैदान में रहकर काम किया है. अलग-अलग राज्यों में जाकर पीड़ितों, उनके परिवार वालों और आसपास के लोगों से मुलाकात की गई है. कोर्ट के आदेश, पुलिस रिकॉर्ड और एफआईआर तक खंगाले गए है. कई मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए भी पीड़ितों तक पहुंच बनाई गई है. उनके मुताबिक ये काफी लंबी और डिटेल रिसर्च थी जिससे सही जानकारी जुटाई गई और उसी के आधार पर फिल्म तैयार की गई है.

कब होगी फिल्म रिलीज
‘द केरल स्टोरी’ ने अपने बेबाक अंदाज से देशभर में हलचल मचा दी थी. अब इसका सीक्वल उस दायरे को और आगे बढ़ाने की बात कर रहा है. कमाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म को विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है जबकि आशिन ए शाह इसके को-प्रोड्यूसर हैं. सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले बनी ‘द केरल स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड’ 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और माना जा रहा है कि ये फिल्म फिर से बड़ी चर्चा खड़ी कर सकती है.

Leave a Comment