एक्टर अक्षय कुमार पिछले तीन दशकों से फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा हैं. लेकिन एक समय ऐसा भी था जब उन्हें लगा कि उनका करियर खत्म हो सकता है. अक्षय ने बताया कि एक हाई-प्रोफाइल पार्टी के दौरान गुस्से में आकर उन्होंने एक शख्स को थप्पड़ मार दिया था. थप्पड़ इतना जोरदार था कि वह व्यक्ति कुछ समय के लिए बेहोश हो गया. इस घटना के बाद अक्षय कुमार काफी डर गए थे. उन्हें लगा कि इस मामले का बुरा असर उनके करियर और बॉलीवुड में उनकी छवि पर पड़ सकता है.
हाल ही में शार्क टैंक इंडिया के जज अमन गुप्ता , अनुपम मित्तल और नमिता थापर अक्षय कुमार के साथ खास एपिसोड में शामिल हुए. इस दौरान बातचीत में अक्षय ने अमन गुप्ता से बात करते हुए अपनी ज़िंदगी की सबसे बड़ी गलती को याद किया. उन्होंने बताया कि उस घटना ने उन्हें अंदर तक हिला दिया था और वह आज भी उसे भूल नहीं पाए हैं.
अक्षय कुमार ने पुराना किस्सा किया याद
जब अमन गुप्ता ने उनसे पूछा, ‘अब तक आपकी सबसे गजब बेइज्जती वाला पल कौन सा रहा है?’ तब अक्षय कुमार ने यह बात स्वीकार की. उस सवाल को सुनते ही अक्षय पुराने दिनों को याद करने लगे. उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा आया था जब उन्हें अपने करियर को लेकर बहुत डर लगने लगा था. उन्हें लगा था कि शायद सब कुछ खत्म होने वाला है.
अक्षय ने एक पार्टी का किस्सा साझा किया, जहां वह अपने एक करीबी दोस्त के साथ गए थे. वहां अचानक बहस शुरू हो गई. बात इतनी बढ़ गई कि एक व्यक्ति उनके दोस्त को गालियां देने लगा और चुप होने को तैयार नहीं था. माहौल इतना तनावभरा हो गया कि उनका दोस्त बुरी तरह घबरा गया और उसकी आंखों में आंसू तक आ गए.
अक्षय कुमार ने आगे बताया, ‘उसने मेरे दोस्त को एक बार गाली दी, तो मैंने उसे मना किया. फिर उसने दोबारा गाली दी. तीसरी बार भी वही किया. मैंने उसे चार-पांच बार समझाया और चेतावनी दी, लेकिन वह रुकने को तैयार ही नहीं था. असल में बात बहुत पर्सनल हो गई थी. उसने मेरे दोस्त के लिए बेहद गंदी भाषा का इस्तेमाल किया था. बार-बार हो रही इस बेइज्जती को मैं सह नहीं पाया और आखिरकार मुझे बीच में आना पड़ा.’