एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता सुनील मल्होत्रा का हाल ही में निधन हो गया, जिसके बाद उनका परिवार गहरे शोक में है. मंगलवार को सिद्धार्थ ने अपने पिता के साथ कुछ खास तस्वीरें शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी. वहीं अब एक्ट्रेस कियारा अडवाणी ने अपने ससुर को याद करते हुए एक इमोशनल पोस्ट शेयर की है.
ससुर को याद कर इमोशनल हुई कियारा आडवाणी
कियारा आडवाणी ने इंस्टाग्राम पर अपनी शादी की फोटो पोस्ट की है जिसमें सिद्धार्थ, उनके ससुर सुनील मल्होत्रा और सास नजर आ रही हैं. एक्ट्रेस ने उनके साथ बिताए खूबसूरत पलों को याद करते हुए दिल छू लेने वाली बात लिखी. उनका यह पोस्ट फैंस को भी इमोशनल कर रहा है. कियारा आडवाणी ने फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘शुरू से ही आपने मुझे खुले दिल से अपनाया. आपकी बातें समझदारी भरी थीं और आपका प्यार सच्चा था. आपने हम सबको हमेशा संभाला.’
कियारा ने आगे लिखा, ‘आप हमेशा प्यार से मिले. परिवार आपके लिए सबसे जरूरी था. जब भी जरूरत पड़ी, आप हर बार साथ खड़े रहे. ध्यान से सुना, छोटी-छोटी बातें याद रखीं, और बिना किसी उम्मीद के सबके लिए करते रहे. आपकी बातें, आपकी हंसी, आपका हौसला और आपका अच्छा दिल ये सब हमेशा याद रहेगा.’ कियारा ने लिखा, ‘आप अपने पीछे प्यार, सच्चाई और अच्छे संस्कार छोड़ गए हैं. ये आपके बच्चों, नाती-पोतों और हम सबमें हमेशा जिंदा रहेंगे. आप शाति से आराम कीजिए. आप हमेशा याद आएंगे, हमेशा दिल में रहेंगे.
बता दें, सिद्धार्थ के पिता का निधन पांच दिन पहले हुआ था. वो लंबे समय से बीमार चल रहे थे. कियारा और सिद्धार्थ मल्होत्रा फिलहाल अपने परिवार के साथ दिल्ली में हैं. सूत्र ने बताया कि पिता के जाने के बाद से ही सिद्धार्थ बहुत दुखी हैं. वह अपने पिता को अपना हीरो मानते थे और उनके बहुत करीब थे.