होली आते ही बॉलीवुड के पुराने गाने हर तरफ सुनाई देने लगते हैं. उन्हीं में से एक है 1982 की फिल्म ‘नदिया के पार’ का सुपरहिट गाना ‘जोगी जी धीरे-धीरे’, जो आज भी लोगों की जुबान पर रहता है. इस बार फिल्म की एक्ट्रेस साधना सिंह ने एक वीडियो शेयर किया, जिसने फैंस को पुरानी यादों में लौटा दिया.
‘नदिया के पार’ की ‘गुंजा’ ने होली पर ताजा कीं पुरानी यादें
दरअसल, साधना सिंह ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर ‘जोगी जी धीरे-धीरे’ गाने पर एक वीडियो शेयर किया. जिसमें साधना बिल्कुल उसी पुराने अंदाज में डांस करती नजर आ रही हैं. उनके चेहरे की मासूमियत और चुलबुलापन आज भी वैसा ही लगता है. गाने पर उनका डांस देखकर ऐसा महसूस होता है जैसे वक्त पीछे चला गया हो और गांव वाली होली की वही मस्ती फिर से जिंदा हो उठी हो.
कैप्शन में साधना ने लिखा, ‘पहले की होली और आज की होली में फर्क है, लेकिन कुछ रंग कभी फीके नहीं होते.’ उन्होंने बताया कि ये गाना उनके दिल के बहुत करीब है, जिसमें हंसी-ठिठोली, छेड़खानी और देहाती सरमर्म थे. ‘नदिया के पार’ की शूटिंग के वो दिन याद आ जाते हैं जब रंग सादे, इमोशंस सच्चे और प्यार शरमाता हुआ लेकिन गहरा था.
उन्होंने सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. साधना का ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.फैंस इसे बहुत पसंद कर रहे हैं. यूजर्स अलग अलग तरह के कमेंट्स करके उन पर प्यार लुटा रहे हैं.
बता दें, फिल्म में साधना ने गुंजा का रोल निभाया था, जबकि सचिन पिलगांवकर उनके ऑपोजिट थे. रविंद्र जैन का संगीत और गीत, हेमलता, जसपाल सिंह व चंद्राणी मुखर्जी की आवाज ने इसे अमर बना दिया. गोविंद मूनिस के निर्देशन में राजश्री प्रोडक्शन की यह फिल्म आज भी दर्शको के दिल में बसी है.