टीवी के सबसे पॉपुलर सीरियल ‘नागिन’ का सातवां सीजन चल रहा है. ये सीरियल साल 2015 से दर्शकों का टीवी पर एंटरटेनमेंट कर रहा है. इस सीरियल की जबरदस्त फैन फॉलोइंग भी है, जिसके चलते ये सीरियल टीआरपी में भी टॉप पर ही बना रहता है. अब खबरें ऐसी सामने आ रही हैं कि ‘नागिन’ छोटे पर्दे से निकलकर बड़े पर्दे पर आने की तैयारी कर रही है. यानी कि एकता कपूर के इस शो के कॉन्सेप्ट पर बालाजी टेलीफिल्म्स अब फिल्म बनाने जा रहा है.
माइथोलॉजिकल अंदाज में बनेगी फिल्म
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि इस फिल्म को माइथोलॉजिकल और फैंटेसी अंदाज़ में बड़े पर्दे पर दिखाया जा सकता है. इंडस्ट्री से जुड़े एक सूत्रों के मुताबिक, बालाजी टेलीफिल्म्स ‘नागिन’ को टीवी से आगे बढ़ाकर फिल्मों के रूप में पेश करने के बारे में बातचीत कर रहा है. ब्रांड की जबरदस्त फैन फॉलोइंग और इसकी सिनेमैटिक स्केल को देखते हुए मेकर्स इसे बड़े पर्दे के हिसाब से नए अंदाज़ में ढालने पर विचार कर रहे हैं.
शुरुआती स्टेज पर है आईडिया
हालांकि, ‘नागिन’ फिल्म का आइडिया अभी शुरुआती स्टेज पर है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि बड़े पर्दे पर नागिन का किरदार कौन निभाएगा? टीवी पर तो हमने मौनी रॉय, निया शर्मा, सुरभि चांदना, अनीता हस्सनंदानी, तेजस्वी प्रकाश और अब प्रियंका चौधरी चाहर को नागिन के रूप में देख रहे हैं. लेकिन फिल्म में भी एकता टीवी से ही किसी एक नागिन को लेंगी या फिल्म इंडस्ट्री से किसी को कास्ट करने की तैयारी में हैं ये जानना दिलचस्प होगा. हालांकि अभी तक इसे लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि या घोषणा नहीं हुई है.
बता दें कि एकता कपूर ने 2015 में टीवी पर ‘नागिन’ के ज़रिए दर्शकों को सुपरनैचुरल फिक्शन की एक नई दुनिया से मिलवाया था. सृबसे पहले मौनी रॉय और अदा खान को इच्छाधारी नागिन के रूप में देखा गया था. जिसके बाद अब तक लगातार 11 सालों तक ये सीरियल लोगों के लिए एक बड़ा एंटरटेनमेंट का जरिया बना हुआ है.