यूट्यूबर और बिग बॉस 17 फेम अनुराग डोभाल अब धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं. यूके07 राइडर से मशहूर अनुराग बीते दिनों से हॉस्पिटल में एडमिट हैं. उनके मैनेजर रोहित पांडे ने कुछ दिन पहले अपडेट देते हुए बताया था कि वो आईसीयू से बाहर आ गए हैं. हालांकि डिस्चार्ज मिलने के बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल एडमिट करना पड़ा. साथ ही बताया गया कि उन्हें निमोनिया हो गया है. लेकिन अब अनुराग डोभाल ने खुद अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट कर अपनी हेल्थ अपडेट दी है.
आज एक अनाथ हूं…
अनुराग ने हॉस्पिटल से अपनी एक तस्वीर शेयर की है और लिखा, ‘कभी सोचा नहीं था कि जिंदा रहूंगा. जिस रास्ते मैं गया था वहां से आना नामुमकिन था. मेरे लिए ये सब किसी चमत्कार से कम नहीं है. एक अनाथ हूं आज और मुझे नहीं पता आगे क्या होगा, क्या करूंगा. लेकिन एक नया जन्म मिला है तो कुछ तो सोचा होगा भगवान ने. बहुत सारे लोग परेशान हैं मेरे लिए, मैं अभी आईसीयू से बाहर हूं और सेफ हूं. जो मेरे साथ है और जिन लोगों ने मेरे लिए प्रार्थना की है आप सभी का शुक्रिया. शायद ये आप लोगों की प्रार्थनाएं थीं, जिसके कारण ये जन्म मिला है. बाकी भगवान भरोसे छोड़ दिया है सब.’

क्या था पूरा मामला?
बता दें, मार्च की शुरुआत में अनुराग ने एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि इंटरकास्ट शादी के कारण उन्हें मानसिक रूप से बहुत प्रताड़ित किया जा रहा है. साथ ही इस वीडियो को आखिरी बताते हुए कहा था कि मेरे साथ जो कुछ भी होता है तो उसके जिम्मेदार उनके माता-पिता और भाई हैं. हालांकि उनके भाई ने उनकी बातों को एकतरफा बताते हुए कहा कि ये सब वो सिर्फ व्यूज के लिए कर रहे हैं. इसके बाद अनुराग ने इंस्टाग्राम लाइव में आत्महत्या करने की कोशिश की, जिसके बाद से वो डॉक्टरों की निगरानी में थे. हालांकि उनके ठीक होने की खबर ने सभी फैंस को खुश कर दिया है.