रिलीज से पहले छाई रणवीर सिंह की ‘धुरंधर: द रिवेंज’, फिल्म की रनटाइम को लेकर वायरल हुए मजेदार मीम्स

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में आ गई है. आज यानी 18 मार्च को इसके पेड प्रीव्यू शो रखे गए हैं और फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. पहले पार्ट की बड़ी सफलता के बाद इस सीक्वल को लेकर फैंस बहुत ज्यादा एक्साइटेड हैं. सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर इतना क्रेज है कि हर तरफ इसकी ही चर्चा हो रही है.रिलीज से पहले ही ‘धुरंधर 2’ इंटरनेट पर ट्रेंड करने लगी है और ट्रेलर, गाने और स्टारकास्ट के साथ-साथ अब फिल्म के मीम्स भी तेजी से वायरल हो रहे हैं.

सूटकेस पैक करके थियेटर निकले फैंस

फिल्म के लंबे रनटाइम को लेकर सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा मीम्स बन रहे हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, ये फिल्म करीब 3 घंटे 49 मिनट लंबी है, जिसे सुनकर लोगों ने इसे लॉन्ग जर्नी कह दिया है. कई वायरल वीडियो में लोग ऐसे दिखा रहे हैं जैसे वो फिल्म देखने नहीं, बल्कि कहीं दूर ट्रिप पर जा रहे हों. कोई सूटकेस पैक कर रहा है, तो कोई खाने-पीने का सामान, कंबल और तकिया लेकर थिएटर जाने की तैयारी कर रहा है. इन वीडियोज को देखकर लोग खूब हंस रहे हैं और ये कंटेंट तेजी से वायरल हो रहा है.

आदित्य धर की हुई जमकर तारीफ 

इसके अलावा कुछ मीम्स में ऑफिस जाने वाले लोग फिल्म देखने के लिए छुट्टी लेने की प्लानिंग करते हुए भी नजर आ रहे हैं. निर्देशक आदित्य धर की डिटेलिंग को लेकर भी सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है. कई लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं तो कुछ हल्के-फुल्के मजाक के साथ उनकी बारीकी पर कमेंट कर रहे हैं. जैसे एक सीन में किसी किरदार के आधे सेब खाने का मतलब है कि फिल्म दो हिस्सों में बनी है. इसी तरह फैंस का मानना है कि आदित्य धर ने हर सीन को बहुत सोच-समझकर तैयार किया है, जो फिल्म को और खास बनाता है.

गाने को लेकर भी दिखा क्रेज 

फिल्म की हाइप इतनी ज्यादा है कि कहा जा रहा है कि एक बड़ी साउथ फिल्म ‘टॉक्सिक’ को अपनी रिलीज डेट आगे बढ़ानी पड़ी. इसके अलावा फिल्म का म्यूजिक भी लोगों को काफी पसंद आ रहा है. पहले पार्ट के गानों की तरह इस बार भी नए गाने सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं और फैंस उन्हें खूब एंजॉय कर रहे हैं. 

फिल्म की स्टारकास्ट

बता दें, फिल्म की कहानी वहीं से शुरू होती है, जहां पहला पार्ट खत्म हुआ था. इसमें हमजा अली मजारी और मेजर इकबाल के बीच की टक्कर को आगे बढ़ाया गया है. रणवीर सिंह के साथ अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर माधवन, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कलाकार एक बार फिर अपने किरदारों में नजर आएंगे. ये फिल्म हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी रिलीज होगी.


Leave a Comment