बॉलीवुड एक्टर सलमान खान हर साल की तरह इस बार भी ईद के मौके पर अपने फैंस से मिलने बालकनी में आए. हालांकि इस बार का माहौल थोड़ा भावुक था क्योंकि उनके साथ उनके पिता सलीम खान भी दिखाई दिए, जो हाल ही में अस्पताल से घर लौटे हैं. जैसे ही दोनों ने फैंस को ईद की मुबारकबाद दी, वहां मौजूद सभी फैंस बहुत ज्यादा खुश हो गए. हाल ही में सलमान खान ने फैंस को ईद की बधाई देते हुए एक वीडियो शेयर किया है, जो अब वायरल हो रहा है.
सलमान खान ने शेयर किया वीडियो
सलमान खान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उनके पिता सलीम व्हील चेयर पर बैठे नजर आए और उन्हें बालकनी में लाया जा रहा था. साथ ही सलमान खान, उनकी मां सलमा खान, उनके भाई सोहेल खान, अरबाज खान और उनकी बहन अर्पिता खान शर्मा अपने बच्चों के साथ वहां आई. सभी ने बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे से सभी फैंस को ईद की बधाई दी और हाथ हिलाकर सभी का शुक्रिया अदा किया. वीडियो के साथ सलमान ने कैप्शन में लिखा, ‘ईद मुबारक, आपके आशीर्वाद के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. पापा अब घर वापस आ गए हैं, शुक्रिया.’ इसके बाद फैंस भी कमेंट कर उन्हें बधाई देने लगे.
पैपराजी के कैमरा में भी हुए कैद
सलमान खान के घर के बाहर उनके चाहने वालों की और पैपराजी की भीड़ लगी थी. पैपराजी के कैमरा में भी एक्टर कैद हुए. उन्होंने परिवार के साथ मिलकर सभी को ईद की मुबारकबाद दी है. शीशे के पीछे से पूरा परिवार बाहर खड़े लोगों को ईद की शुभकामनाएं दे रहा था.
सलीम खान को देख खुश हुए फैंस
बता दें, बीते कुछ दिनों से फैंस सलीम खान की तबियत को लेकर चिंता में थे. इसी बीच उनका सबके सामने आना सभी के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है. सलीम खान को पिछले महीने ब्रेन हैमरेज के कारण मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्हें आईसीयू में रखा गया और वेंटिलेटर सपोर्ट भी दिया गया था. कुछ दिनों के इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है. काम की बात करें, तो सलीम खान बॉलीवुड के बड़े लेखकों में गिने जाते हैं और जावेद अख्तर के साथ उनकी जोड़ी ने शोले, दीवार और डॉन जैसी कई सुपरहिट फिल्में दी हैं. वहीं सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर सुर्खियों में है, जो जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.