मुंबई से बेंगलुरु जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2812 उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद ही गुरुवार (9 अप्रैल 2026) को वापस मुंबई एयरपोर्ट लौट आई. एयरलाइन के मुताबिक विमान में तकनीकी खराबी का शक हुआ जिसके बाद एहतियात के तौर पर पायलट ने मुंबई लौटने का फैसला किया. यह एयरलाइन के तय नियमों के मुताबिक किया गया. विमान सुरक्षित उतरा और अभी तकनीकी जांच चल रही है.
पायलट ने ‘पैन-पैन’ कॉल दी
अधिकारियों के मुताबिक हवा में एक इंजन बंद होने पर पायलट ने रेडियो पर ‘पैन-पैन’ कॉल दी, जिसके बाद विमान को सुरक्षित लैंड कराया गया. यह फ्लाइट सुबह 2:05 बजे उड़ान भरने वाली थी, जो करीब 2:15 बजे रवाना हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद मुंबई लौट आई और लगभग 2:35 बजे सुरक्षित लैंडिंग कर ली. पैन-पैन कॉल एविएशन और समुद्री संचार में इस्तेमाल होने वाला एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त इमरजेंसी सिग्नल है. यह एक गंभीर स्थिति को दर्शाता है, जिस पर तुरंत एक्शन लेने की जरूरत होती है. हालांकि यह MAYDAY इमरजेंसी जितना गंभीर नहीं होता.
एअर इंडिया के विमान में कई खामियों का दावा
यूरोपियन एविएशन सेफ्टी एजेंसी की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि पिछले महीने यूरोपीय एयरपोर्ट्स पर एअर इंडिया के विमानों के अचानक निरीक्षण के बाद कई सुरक्षा खामियां पाई गई. इस एयरलाइन को भारत के एविएशन रेगुलेटर की ओर से रखरखाव और इंजीनियरिंग मानकों को लेकर बार-बार जांच का सामना करना पड़ा है.
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, ‘हमें यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है. मुंबई एयरपोर्ट पर हमारी टीमों ने तुरंत सहायता मुहैया कराया और फ्लाइट ऑपरेशन के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई. हमारे लिए यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. भविष्य में भी ऐसे मामलों में सुरक्षा के सभी नियमों का पालन किया जाएगा.
ये भी पढ़ें : कथित स्टिंग ऑपरेशन वाले वीडियो पर भड़के हुमायूं कबीर, ममता बनर्जी को दिया चैलेंज, कहा- हिम्मत है तो…