6, 11 और फिर 3… PM मोदी ने संसद में क्यों किया इन तीन नंबरों का जिक्र? समझें पूरी क्रोनोलॉजी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (5 फरवरी 2026) को राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया. उन्होंने कहा कि जब हमने 2014 में सरकार की बागडोर संभाली, तब भारत को कमजोर पांच अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था. प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के समय हम विश्व की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थे, लेकिन कांग्रेस की सरकार में हमारी रैंकिंग गिरकर 11वें स्थान पर आ गई.

तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा भारत: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, ‘अब हम विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर अग्रसर हैं. उन्होंने कहा, ‘सबसे बड़ी बात ये है कि दुनिया के समृद्ध से समृद्ध देश भी बुजुर्ग होते जा रहे हैं. वहां की आबादी उम्र के उस पड़ाव पर पहुंची है, जिसे हम बुजुर्ग के रूप में जानते हैं. हमारा देश ऐसा है, जो विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है और उसी समय दिनों-दिन हमारा देश युवा होता जा रहा है. यह युवा आबादी वाला देश है. जिस तरह भारत के प्रति विश्व का आकर्षण बढ़ा है, उसमें भी विश्व, भारत के टैलेंट का माहत्म्य समझ रहा है.’ 

भारत के पास युवा टैलेंट पुल: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, ‘आज हमारे पास दुनिया का बहुत ही महत्वपूर्ण युवा टैलेंट पुल है, जिसके पास सपने भी हैं, संकल्प भी है और सामर्थ्य भी है. शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है. भारत आज विश्व में जो चुनौतियां पैदा हो रही हैं, उन चुनौतियों का समाधान देने वाला देश बना हुआ है.’ उन्होंने कहा, ‘भारत विश्वभर के कई देशों के साथ ट्रेड एग्रीमेंट कर रहा है. हाल ही में हमने ऐसे 9 समझौते पूरे किए हैं. इनमें से सबसे महत्वपूर्ण समझौता, जिसे अक्सर मदर ऑफ ऑल डील कहा जाता है, यूरोपीय यूनियन के 27 सदस्य देशों के साथ हस्ताक्षरित किया गया है.’

11वें नंबर की इकोनॉमी था भारत: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘आज मेजर इकोनॉमी में भारत की ग्रोथ बहुत हाई है. हाई ग्रोथ और लो इंफ्लेशन, ये एक यूनिक संयोग है. ये हमारी अर्थव्यवस्था की मजबूती को प्रदर्शित करता है. उन्होंने कहा कि जब देश आजाद हुआ, तब हम दुनिया में छह नंबर की इकोनॉमी थे, लेकिन इन लोगों ने ऐसा हाल करके रखा कि 11 नंबर पर पहुंचा दिया. आज हम 3 नंबर पर जाने की दिशा में तेज गति से अग्रसर हैं. आज हर क्षेत्र में भारत, आत्मविश्वास से भरा हुआ भारत है.’

ये भी पढ़ें : ‘नेहरू-इंदिरा देश की जनता को समस्या मानते थे’, राज्यसभा में PM मोदी ने गिनाईं कांग्रेस की गलतियां | बड़ी बातें

Input By : पीटीआई भाषा

Leave a Comment