टीवी का सबसे पॉपुलर शो ‘रामायण’ आज भी लोगों के दिलों में खास जगह बनाए हुए है. साथ ही शो के कलाकारों के बीच की बॉन्डिंग भी उतनी ही मजबूत है. हाल ही में सुनील लहरी ने अपनी ऑन-स्क्रीन ‘सीता मां’ यानी दीपिका चिखलिया को उनके जन्मदिन पर खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं. उन्होंने एक भावुक वीडियो शेयर कर उनके साथ अपने पुराने रिश्ते को भी याद किया, जो अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है.
सुनील लहरी ने किया दीपिका को किया बर्थडे विश
सुनील लहरी ने वीडियो में कहा, ‘प्रणाम दोस्तों, आज हमारे ‘रामायण’ धारावाहिक की माता सीता यानी दीपिका जी का जन्मदिन है. हालांकि मैंने उन्हें एडवांस में जन्मदिवस की शुभकामनाएं और बधाई दे चुका हूं. जब हम प्रयागराज में अक्षय वट वृक्ष के पावन भूमि में गए थे, वहां पर मैंने भगवान से और अक्षय वट वृक्ष से प्रार्थना की थी कि उन्हें खुश रखें, सुखी रखें स्वस्थ रखें और दीर्घायु दें. आज उनके जन्मदिवस पर एक बार फिर मैं उन्हें शुभकामनाएं और बहुत-बहुत बधाई देता हूं. हालांकि हमारी जान पहचान का जो रिश्ता है, वो विक्रम बेताल से है और अब तक बहुत अच्छा बना हुआ है, प्यार, सम्मान और आदर का. ये रिश्ता भगवान हमारा ऐसा ही बनाए रखें.’
हर घर का हिस्सा था रामायण
बता दें कि रामायण का प्रसारण 1987 में दूरदर्शन पर शुरू हुआ था और ये शो जल्द ही हर घर का हिस्सा बन गया. उस समय टीवी हर घर में नहीं था, फिर भी लोग इकट्ठा होकर इसे देखते थे. शो में अरुण गोविल ने भगवान राम, सुनील लहरी ने लक्ष्मण, दीपिका चिखलिया ने सीता, अरविंद त्रिवेदी ने रावण और दारा सिंह ने हनुमान का किरदार निभाया था. इन सभी कलाकारों को इस शो से जबरदस्त पहचान मिली और वो घर-घर में लोकप्रिय हो गए.
‘रामायण’ सिर्फ एक धारावाहिक नहीं, बल्कि लोगों की आस्था और भावनाओं से जुड़ा हुआ शो बन गया था. यहां तक कि इसके प्रसारण के समय सड़कों पर सन्नाटा छा जाता था. साल 2020 में लॉकडाउन के दौरान जब इसे दोबारा टेलीकास्ट किया गया, तब भी दर्शकों ने इसे उतना ही प्यार दिया, जितना पहले मिला था.