साइबराबाद के कुतुबुल्लापुर जोन से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां महज 19 साल के युवक ने अपनी मां के लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि आरोपी किशोर ने यह जघन्य अपराध YouTube पर वीडियो देखकर सीखे गए तरीकों को अमल में लाकर किया.
घटना जीडिमेटला थाना क्षेत्र के अंतर्गत चिंतल इलाके की है. आरोपी युवक साईं रत्नम (19) ने अपनी मां अरुणा (42) के साथ मिलकर शिवा रेड्डी (40) नाम के व्यक्ति की हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, अरुणा अपने पति की मौत के बाद पिछले दस साल से शिवा रेड्डी के साथ रह रही थी.
क्या है पूरा मामला
जांच में खुलासा हुआ कि शिवा रेड्डी शराब का आदी था और अक्सर अरुणा व उसके बेटे को प्रताड़ित करता था. इस प्रताड़ना से तंग आकर मां-बेटे ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई. कुतुबुल्लापुर जोन के डीसीपी कोटि रेड्डी ने बताया कि साईं रत्नम ने हत्या की विधि और सबूत मिटाने के तरीके समझने के लिए YouTube पर कई अपराधिक वीडियो देखे थे.
प्लान के तहत आरोपी साईं रत्नम पास की मटन शॉप से एक चाकू लेकर आया. रविवार रात करीब 11 बजे जब शिवा रेड्डी नशे में सो गया तो साईं रत्नम ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और उसका गला काटकर उसे मौत के घाट उतार दिया. उसके बाद आरोपियों ने खून से सने कपड़ों को पास के नाले में फेंककर सबूत मिटाने का प्रयास किया.
कैसे हुआ हत्या का खुलासा
मां-बेटे ने शव को एक प्लास्टिक ड्रम में ठूंस दिया और उसे कहीं फेंकने की योजना बनाई लेकिन उनकी यह साजिश तब असफल हो गई, जब साईं रत्नम ने ड्रम को हटाने में मदद के लिए अपने एक दोस्त को बुलाया. दोस्त ने ड्रम के अंदर शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दे दी, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन से हत्या से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो भी बरामद किए हैं. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है. यह मामला सोशल मीडिया और ऑनलाइन कंटेंट के खतरनाक प्रभाव को उजागर करता है, जहां आसानी से उपलब्ध हो रही अपराधिक सामग्री युवाओं को जघन्य अपराधों के लिए प्रेरित कर रही है.
ये भी पढ़ें
हवाला नेटवर्क का मास्टरमाइंड नवास KI गिरफ्तार, दुबई में पकड़ा गया ठग सुकेश चंद्रशेखर का खास सहयोगी