अबू धाबी से सुरक्षित लौटीं ईशा गुप्ता, फैंस का किया धन्यवाद, बोलीं- ‘हालात मुश्किल थे, भगवान की कृपा रही’

बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा गुप्ता कुछ दिन पहले अबू धाबी गई हुई थीं, जहा एक्ट्रेस ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध की वजह से फंस गई थीं. जिसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया था कि वो फ्लाइट्स कैंसिल होने की वजह से UAE में फंस गई हैं लेकिन वो सुरक्षित हैं. अब ईशा की सुरक्षित घर वापसी हो गई है. जिसके बाद एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर अपने फैंस का शुक्रिया अदा किया है. उन्होंने भारत सरकार और UAE अथॉरिटीज की भी जमकर तारीफ की है.

भारत वापस लौटीं ईशा गुप्ता
ईशा गुप्ता ने भारत वापस लौटते ही अपनी अपडेट सोशल मीडिया पर फऐंस के साथ शेयर की. एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि वो सुरक्षित वापस लौट आई हैं. एक्ट्रेस ने इस पोस्ट में लिखा, ‘घर वापस लौट आई हूं. आप सभी की प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए बहुत धन्यवाद. हम सभी जिस स्थिति में थे, उसमें रहना बहुत मुश्किल था. भगवान का आशीर्वाद था जो हम सुरक्षित हैं.’

एक्ट्रेस ने सुनाई आपबीती
ईशा ने आगे उस समय की पूरी स्थिति के बारे में बताया और लिखा, ‘ये तब शुरू हुआ जब मैं 28 तारीख, रविवार को एयरपोर्ट पर थी. दोपहर 1 बजे तक एयरपोर्ट बंद हो गया था, चारों ओर अफरा-तफरी मची हुई थी. हममें से किसी को नहीं पता था कि क्या हुआ. फिर मिसाइल हमले की खबरें आने लगीं और किसी को नहीं पता था कि अगले मिनट हमारे लिए क्या होने वाला है. अजनबी एक-दूसरे को दिलासा दे रहे थे, सभी अपने घर पर अपने परिवारों को फोन कर रहे थे. यहां मैं बताना चाहूंगी कि मैंने यहां UAE की हिम्मत अपनी आंखों से देखी. ग्राउंड स्टाफ और एयरपोर्ट सिक्योरिटी तुरंत एक्शन में आ गए और पूरे समय शांत रहे. भले ही हम सब एक साथ इस सिचुएशन में थे. मैंने तब तक खुद चेक-इन नहीं किया था. इसलिए मैं वापस अबू धाबी में अपने होटल चली गई.’

पैंसेंजर्स के लिए किया गया इंतजाम
एक्ट्रेस ने आगे जो भी बताया वो उन्होंने वहां पर लोगों से सुना. उन्होंने बताया कि ‘सबसे पहले उन्होंने (एयरपोर्ट सिक्योरिटी) सभी पैसेंजर्स को एयरपोर्ट पर खाने के लिए जितना हो सके उतना कैश दिया. बेशक, सभी को अपना सामान लेने और अधिकारियों के चीजों को ठीक करने के लिए इंतजार करना पड़ा, लेकिन कुछ घंटों के बाद, हर पैसेंजर को लाइन में लगना पड़ा और उन सभी को अबू धाबी के सभी अवेलेबल होटलों में रहने की जगह दी गई. उस रात 9 बजे तक, उनके पास शहर और आइलैंड के अलग-अलग होटलों में जाने के लिए बसें तैयार थीं. सरकार ने होटलों को रहने और खाने का इंतजाम करने का निर्देश दिया था’.

ऐसी थी व्यवस्था
एक्ट्रेस ने आगे बताया, ‘व्यवस्थाएं ऐसी की गई थीं कि कमरों में अजनबी लोग फंसे हुए नहीं थे, बल्कि परिवार या दोस्तों के साथ ही रह रहे थे. हम सभी को अपने फोन पर UAE के MOI से रहने के लिए नोटिफिकेशंस और अलार्म्स मिल रहे थे. जब उन्हें हालात शांत लग रहे थे, तो हमें भरोसा दिलाने वाले अलर्ट भी मिल रहे थे.’ इतना ही नहीं ईशा ने होटल स्टाफ की तारीफ करते हु कहा, ‘होटल स्टाफ को मैंने देखा कि वो रात से सुबह पर एक ही कपड़ों में थे, वो सभी काम कर रहे थे और पूरी तरह से एक्टिव थे, लोगों के सवालों के जवाब दे रहे थे. डिलीवरी बॉय भी अपना काम कर रहे थे. किसी भी सर्विस में कोई कमी नहीं थी.’

‘सभी डरे हुए थे, लेकिन अफरा- तफरी नहीं मची’
आगे उन्होंने लिखा, ‘होटल की लॉबी पूरी तरह से भरी हुई थी, हम भी वहीं थे, सिक्योरिटी अलर्ट की वजह से हम सभी डरे हुए थे, लेकिन कोई अफरा-तफरी नहीं थी. होटल सिक्योरिटी सभी को भरोसा दिलाती रही. सब अंदर से डरे हुए थे लेकिन किसी ने कोई स्ट्रेस क्रिएट नहीं किया. Etihad ने हम सभी को रीबुकिंग या रिफंड के लिए मेल/मैसेज भेजे थे. हम अगली फ्लाइट से घर जाने की उम्मीद में एयरलाइन को कॉल करते रहे, जब तक हम अपने देश वापस नहीं आ गए. उस एयरलाइन के कॉल पर ग्राउंड स्टाफ सबसे ज्यादा मददगार थे. हम बहुत पहले एयरपोर्ट पहुंच गए थे इसलिए हम खुशकिस्मत थे कि एतिहाद की पहली कमर्शियल फ्लाइट में थे जो कल दोपहर दिल्ली के लिए उड़ी थी. एयरपोर्ट पूरी तरह से चालू नहीं था, फिर भी, स्टाफ हर तरह से मदद करने के लिए तैयार था’. 

अपने नोट के आखिर में ईशा ने भारत सरकार के अधिकारियों का धन्यवाद दिया. उन्होंने लिखा कि अपने देश के लोगों को सुरक्षित वापस लाने के लिए सरकार का धन्यवाद. उन्होंने दोनों देशों के अधिकारियों के मिलकर किए गए कामों की तारीफ भी की. बता दें कि ईशा के अलावा सोनल चौहान, साउथ एक्टर अजित भी दुबई में ही फंसे थे.


Leave a Comment