स्मृति ईरानी के शो क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2 में हाल ही में मेकर्स ने आकाशदीप सहगल की एंट्री करवाई है. पहले सीजन में आकाशदीप को अंश की भूमिका में देखा गया था. लेकिन, अब वो रेयांश के दमदार कैरेक्टर में नजर आ रहे हैं.
अब हाल ही में आकाशदीप सहगल ने अपने कैरेक्टर को लेकर एक इंटरव्यू में कई तरह के खुलासे किए हैं. ईटाइम्स को दिए इंटरव्यू में आकाशदीप ने कहा,’सच कहूं तो जिंदगी बहुत खूबसूरती से एक पूरा चक्र पूरा करती है. मैंने क्योंकि सास भी कभी बहू थी को कभी भी खत्म हुआ अध्याय नहीं माना. बल्कि ऐसा लगा कि सही समय का इंतजार कर रहा था. ये कमबैक जैसा नहीं लगता. बल्कि ऐसा लगता है जैसे मैं अपनी जगह फिर से हासिल कर रहा हूं. ये मेरे लिए एक आशीर्वाद है और मैं इस सेट पर आभार के साथ कदम रखता हूं.’
आकाशदीप ने बताई रेयांश की खासियत
आकाशदीप ने अपने नए कैरेक्टर के बारे में बात करते हुए आगे कहा,’रेयांश, जिसे प्यार से सब रियो कहते हैं वो अमेरिका से लौटकर आया है. वो स्टाइलिश, स्मार्ट और नई सोच वाला है. लेकिन उसकी सबसे बड़ी खासियत उसका दिल है. वो खुद को करण विरानी और नियति का बेटा मानता है. इतना ही नहीं वो करण को अपना आदर्श समझता है. उसे अपने असली रिश्तों के बारे में कुछ भी नहीं पता है. वो कहानी में एक बैलेंस बनाने वाला कैरेक्टर है.जो समझदार होने के साथ-साथ अपने परिवार के लिए बेहद ही वफादार है.’
ये भी पढ़ें:-‘कभी-कभी तो ये डरावना लगता है..’ पैप्स पर आखिर क्यों फूटा प्रीति जिंटा का गुस्सा, खुद किया खुलासा
पहले अंश गुजराल का नेगेटिव कैरेक्टर और अब उसके बेटे रेयांश का रोल प्ले करने पर आकाशदीप ने कहा,’ एक्टर केलिए उम्र मायने नहीं रखती, बल्कि ये मायने रखता है कि आप अपने किरदार में कैसी एनर्जी लाते हैं. रियो का व्यक्तित्व अंश जैसा बिल्कुल भी नहीं है. उसमें आत्मविश्वास और एक नई एनर्जी है, जिसे हमने खास तौर पर उसके लुक और परफॉर्मेंस के जरिए दिखाने की कोशिश की है.’
ये भी पढ़ें:-प्रेग्नेंसी के बावजूद ‘राका’ में नहीं बदलेगा दीपिका पादुकोण का रोल, बॉडी डबल की मदद से शूट होंगे एक्शन सीन