घरेलू कलह में पति का महिला वकील पर जानलेवा हमला, SC ने लिया स्वत: संज्ञान, दिल्ली पुलिस कमिश्नर को भी सख्त निर्देश

दिल्ली में एक महिला वकील पर उसके पति के जानलेवा हमले और उसके बाद इलाज में अस्पतालों की लापरवाही पर सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लिया है. कोर्ट ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से एसीपी या डीसीपी रैंक की महिला अधिकारी को जांच सौंपने को कहा और पीड़िता के लिए मुआवजे का भी आदेश दिया.

कोर्ट को बताया गया कि पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. चार अस्पतालों में से सिर्फ एक ने उसे फर्स्ट एड दिया. बाकी ने इलाज नहीं किया. एम्स में इलाज के बाद महिला की स्थिति में सुधार आया है. वह अब एक निजी अस्पताल में है. महिला की 12 साल की बड़ी बेटी उसके साथ है. चार साल और एक साल की बेटियों को दादा-दादी ले गए हैं. कोर्ट ने कहा कि महिला का स्वास्थ्य बेहतर होने के बाद बाकी दोनों बेटियां भी उन्हें दिलवाई जाएंगी.

सुप्रीम कोर्ट ने महिला वकील पर उसके पति के क्रूर हमले का सोमवार (27 अप्रैल, 2026) को संज्ञान लिया और दिल्ली पुलिस आयुक्त को जांच किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, अधिमानतः एसीपी या डीसीपी रैंक की महिला अधिकारी को सौंपने का निर्देश दिया.

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच अधिकारी को तीन अस्पतालों की ओर से पीड़िता को भर्ती करने से इनकार करने संबंधी पहलू की जांच करने का भी निर्देश दिया. पुलिस की ओर से पेश हुईं अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने बेंच को बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पीड़िता के पति को 25-26 अप्रैल की दरमियानी रात गिरफ्तार कर लिया गया था.

यह भी पढ़ें:- मर्जी से साथ रहे, बच्चा पैदा किया तो ये रेप कैसे? लिव-इन पार्टनर पर यौन-उत्पीड़न के आरोप लगा रही महिला से SC ने पूछा

बेंच ने कहा कि तत्काल हस्तक्षेप के अनुरोध वाले एक पत्र के बाद उसने मामले में स्वतः संज्ञान लिया. सुप्रीम कोर्ट ने कई निर्देश जारी करते हुए कहा कि शिकायत में पीड़िता के ससुराल वालों पर आरोप है कि वे उसके दो नाबालिग बच्चों को अपने साथ ले गए हैं और उनका पता नहीं चल पा रहा है.

बेंच ने पुलिस को दोनों बच्चों का पता लगाने का निर्देश दिया. बेंच ने जांच अधिकारी को जांच की स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है. सोनिया विहार के निवासी आरोपी मनोज कुमार को रविवार को खजूरी खास इलाके से गिरफ्तार किया गया. 

यह भी पढ़ें:- विरासत, गवाही, इबादत… इस्लाम में महिलाओं-पुरुषों के 6 बड़े अधिकारों-जिम्मेदारियों में क्या फर्क है?

पुलिस ने बताया कि मनोज कुमार ने 38 वर्षीय पत्नी पर 22 अप्रैल को किसी धारदार चीज से हमला किया था. पुलिस ने कहा, ‘पूछताछ के दौरान, मनोज कुमार ने जुर्म कबूल कर लिया और पुलिस को बताया कि उसने एक पारिवारिक विवाद के बाद अपनी पत्नी पर हमला किया.’ पुलिस ने बताया कि हमले का कारण घरेलू कलह माना जा रहा है, हालांकि जांचकर्ता सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं.

 

(निपुण सहगल के इनपुट के साथ)

Leave a Comment