पश्चिम बंगाल में होने वाले फाल्टा विधानसभा उपचुनाव से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार जहांगीर खान पीछे हट गए हैं. 21 मई को होने वाली वोटिंग से महज दो दिन पहले उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया. ये वही जहांगीर खान हैं, जो ‘पुष्पा झुकेगा नहीं’ बोलकर सोशल मीडिया पर चर्चा में आए थे.
जहांगीर खान ने फाल्टा के कमरडांगा खान पारा में अपने घर पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें यह ऐलान किया. इतना ही नहीं उन्होंने फाल्टा के लिए प्रस्तावित स्पेशल पैकेज के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का तारीफ भी की. जहांगीर खान ने कहा, ‘मैं चाहता हूं कि फाल्टा शांतिपूर्ण और खुशहाल रहे. मेरा सपना हमेशा से यही रहा है कि फाल्टा एक सुनहरा फाल्टा बने. इसलिए हमारे माननीय CM फाल्टा के विकास के लिए एक स्पेशल पैकेज दे रहे हैं. फाल्टा के विकास और वहां के लोगों के फायदे के लिए मैं 21 मई के चुनाव से खुद को हटा रहा हूं.’
ये भी पढ़ें- बंगाल में ममता बनर्जी को बड़ा झटका, फाल्टा में TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनाव लड़ने से किया इनकार
फाल्टा से जहांगीर ने छोड़ा मैदान तो क्या बोले सीएम?
41 साल के जहांगीर खान को अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता है, जोकि ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी के महासचिव भी हैं. खान की ओर से ये ऐलान तब किया गया, जब शुभेंदु अधिकारी उस इलाके में रोडशो के लिए पहुंचे हुए थे, जहां उन्होंने वोटर्स से कम से कम एक लाख वोटों के अंतर से जिताने की अपील की. वहीं जब सीएम से जहांगीर खान को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘उनके (खान) पास कोई और रास्ता नहीं था क्योंकि उन्हें पोलिंग एजेंट नहीं मिला, इसलिए उन्होंने भागने का फैसला किया.’
EVM पर रहेगा जहांगीर खान का नाम
जहांगीर खान ने मंगलवार को सबके सामने अपना पद छोड़ दिया, लेकिन EC अधिकारियों ने कहा कि चूंकि नॉमिनेशन वापस लेने का समय खत्म हो गया है, इसलिए TMC उम्मीदवार का नाम EVM पर ही रहेगा। EC के एक अधिकारी ने कहा, ‘फाल्टा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 13 अप्रैल थी. बैलेट पेपर और EVM पैनल फाइनल हो गए हैं.’
फाल्टा पर 2011 से TMC का कब्जा
TMC ने फाल्टा सीट 2011 से जीती है और जीत का अंतर 2016 में 13% से बढ़कर 2021 में लगभग 20% हो गया. फाल्टा डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के सात विधानसभा क्षेत्रों में से एक है, जहां से अभिषेक बनर्जी सांसद हैं.