बांग्लादेश में BNP की बंपर जीत के बाद PM मोदी ने तारिक रहमान को लगाया फोन, जानें क्या हुई बात?

Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की बंपर जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी चीफ तारिक रहमान को फोन कर बधाई दी है. पीएम मोदी ने कहा कि तारिक रहमान से फोन पर बातचीत करके खुशी हुई. मैंने उन्हें बांग्लादेश के चुनावों में मिली दमदार जीत के लिए उन्हें बधाई दी है.

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर दी बधाई

पीएम मोदी ने शुक्रवार (13 फरवरी, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया. एक्स पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि मैंने बांग्लादेश के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने की उनकी कोशिशों के लिए अपनी शुभकामनाएं और समर्थन भी व्यक्त किया है.

उन्होंने आगे कहा कि मैंने गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों वाले दो करीबी पड़ोसी देशों के लोगों की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को भी दोहराया है.

किस पार्टी को मिली कितनी सीटें?

बीएनपी ने 299 में से 209 सीटकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है. वहीं कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी को 68, नेशनल सिटीजन पार्टी यानी एनसीपी को छह, बांग्लादेश खिलाफत मजलिस को दो, इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश को एक, गण अधिकार को एक, बीजेपी को एक, गण संघित को एक, खिलाफत मजलिस को एक और सात सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है.

18 महीनों तक बांग्लादेश में चला अस्थिरता का दौर

अगस्त, 2024 में हुए छात्र आंदोलन के बाद बांग्लादेश में पिछले 18 महीनों तक अस्थिरता का दौर चला. छात्र आंदोलन ने तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार को बांग्लादेश की सत्ता से बेदखल कर दिया था, जिसके बाद से उन्होंने भारत में राजनीतिक शरण ले रखी है. वहीं, इस दौरान बांग्लादेश में नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस ने देश की अंतरिम सत्ता संभाली.

हालांकि, यूनुस के अंतरिम शासन में बांग्लादेश में कट्टरवादी मानसिकता के लोगों ने देश में कई घटनाओं को अंजाम दिया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक आलोचनाएं भी हुईं. हालांकि, गुरुवार (12 फरवरी, 2026) को बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और दिवंगत नेता खालिदा जिया की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने तारिक रहमान के नेतृत्व में देश में हुए 13वें संसदीय चुनाव में 299 में से 209 सीटों पर बंपर जीत हासिल की है.


Leave a Comment