राघव चड्ढा समेत AAP के बागी सांसदों ने आधिकारिक तौर पर ज्वाइन की बीजेपी…राज्यसभा में NDA का आंकड़ा 148, AAP सिर्फ तीन पर

आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने वाले राघव चड्ढा समेत सभी 7 सांसदों ने सोमवार (27 अप्रैल) को आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ले ली. 7 सांसदों के पाले में आने से बीजेपी का राज्यसभा में संख्याबल मजबूत हुआ है. राज्यसभा में एनडीए का आंकड़ा बढ़कर 148 पहुंच चुका है. वहीं,राज्यसभा में 10 सांसदों वाली आप के केवल 3 एमपी बचे हैं.

राज्य सभा सचिवालय ने जारी किया नोटिफिकेशन

आप के सभी बागी सांसदों को बीजेपी में शामिल होने की राज्यसभा से मंजूरी मिली थी. राज्यसभा सचिवालय ने इसको लेकर नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है. केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने लिखा, ‘राज्यसभा के अध्यक्ष सीपी राधाकृष्णन जी ने आम आदमी पार्टी के 7 सांसदों के भाजपा में विलय को स्वीकार कर लिया है. अब राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, राजिंदर गुप्ता और विक्रमजीत सिंह साहनी भाजपा संसदीय दल के सदस्य हैं.’

आप ने की थी बर्खास्त करने की अपील

उधर आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से उन सभी 7 राज्यसभा सांसदों को बर्खास्त करने की अपील की थी, जो पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए. आप नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने रविवार (26 अप्रैल) को मीडिया से बातचीत कर इसकी मांग की.

संसद में ये बिल पास होता तो BJP में नहीं जा सकते थे राघव चड्ढा, 6 साल चुनाव नहीं लड़ पाते, खुद किया था पेश

क्या बोले संजय सिंह?

आप नेता ने कहा, ‘यह सब क्यों जरूरी है? क्योंकि आप एक पार्टी से चुने जाते हैं और फिर प्रवर्तन निदेशालय और केंद्रीय जांच ब्यूरो जैसी एजेंसियों के कथित दुरुपयोग के जरिए आपको उस पार्टी से अलग कर दिया जाता है और भारतीय जनता पार्टी, जो इसमें माहिर मानी जाती है, आपको उसमें मिला लेती है। यह लोकतंत्र के साथ विश्वासघात है, पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात है, और देश के संविधान के साथ भी विश्वासघात है, उसे कमजोर करने का प्रयास है.’

राघव चड्ढा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया वीडियो

राघव चड्ढा ने सोमवार (27 अप्रैल) को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया. चड्ढा ने वीडियो में कहा कि पिछले तीन दिनों से उनके पास ढेर सारे मैसेज आ रहे हैं. ज्यादातर लोग उन्हें बेस्ट विशेस और बधाई दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग उनके इस बड़े फैसले के पीछे क्या वजहें हैं, ये जानना चाहते हैं. इसलिए उन्होंने यह वीडियो उन सभी के लिए बनाया है, जिन्होंने शायद उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस भी नहीं देखी. 

उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी करियर बनाने के लिए राजनीति नहीं की, बल्कि वे आम आदमी पार्टी के फाउंडिंग मेंबर बने और उस पार्टी को अपने युवा दिनों के पूरे 15 साल दिए, लेकिन अब वह पार्टी अब पहले जैसी नहीं रही. चड्ढा ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘आम आदमी पार्टी में आज एक टॉक्सिक माहौल बन गया है. वहां काम करने से रोका जाता है, संसद में बोलने से रोका जाता है। पूरी पार्टी अब कुछ भ्रष्ट और समझौता करने वाले लोगों के हाथ में फंसकर रह गई है.’

राघव चड्ढा समेत AAP के बागी सांसदों को मंजूरी मिलने पर सरकार का पहला रिएक्शन, कहा- ‘टुकड़े-टुकड़े…’

Leave a Comment