वजन बढ़ने पर ट्रोल हुए राजकुमार राव नें अब जाकर दिया जवाब, कहा- ‘मैंने दो पिज्जा…’

बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव हाल ही में मुंबई में आयोजित बोलेती खिड़कियां शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में नजर आए. उनका नया लुक देखकर फैंस चिंता में पड़ गए थे. सोशल मीडिया पर उनके बालों और फिजिकल लुक में बदलाव को लेकर चर्चा होने लगी. लोगों ने उनके स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठाए और कई फैंस ने चिंता जताई कि क्या वो ठीक हैं.

उज्जवल निकम बायोपिक के लिए वजन बढ़ाया
राजकुमार ने बाद में खुलासा किया कि उनका नया लुक उनके अगले प्रोजेक्ट उज्जवल निकम बायोपिक के लिए था. उन्होंने बताया कि उन्हें इस भूमिका के लिए लगभग 9-10 किलो वजन बढ़ाना पड़ा था.उन्होंने बताया की फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और अब वो सौरव गांगुली बायोपिक की तैयारी में जुट गए हैं. जिसके लिए उन्हें अब वजन कम करना होगा.

इंस्टाग्राम पर किया खुलासा
16 फरवरी को राजकुमार ने इंस्टाग्राम पर फैंस में फैली अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने बताया कि उनका ये लुक पूरी तरह से फिल्म की भूमिका के लिए किया गया था. उन्होंने लिखा, ‘मेरा अस्तित्व मेरी कला के जरिए है. निकम की शूटिंग पूरी हुई और हां इसमें मेरी फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन शामिल थी जो मुझे करना पसंद है. मैं प्रोस्थेटिक्स पर भरोसा तब तक नहीं करता जब तक मैं खुद मेहनत करके लुक हासिल कर सकता हूं. निकम में मैंने वजन बढ़ाया, बूढ़ा दिखा और बाल भी पतले किए. मेरे हेयर स्टाइलिस्ट को ये पसंद नहीं था लेकिन मैंने फिर भी किया.’

ट्रांसफॉर्मेशन का सफर
राजकुमार ने आगे बताया, ‘निकम के लिए मुझे लगभग 9-10 किलो वजन बढ़ाना पड़ा था. इसके लिए मैंने दो पिज्जा, ढेर सारी मिठाइयां, अपने पसंदीदा आलू पराठे और बिरयानी खाई. किसी ग्लैमर या प्रोस्थेटिक्स का इस्तेमाल नहीं किया है. इस मेहनत का परिणाम फिल्म में साफ दिखाई देगा. अब ये ट्रांजिशन फेज है और मैं इन एक्स्ट्रा किलो को घटाकर गांगुली की भूमिका के लिए तैयार हो रहा हूं. हमारी खुद के दादा की बायोपिक के लिए ये जरूरी है.’

उज्जवल निकम और सौरव गांगुली की बायोपिक
आपको बता दें राजकुमार राव जल्द ही उज्जवल निकम की बायोपिक में नजर आएंगे जो भारत के प्रमुख पब्लिक प्रोसीक्यूटर्स में से एक हैं. उनके जीवन में कई हाई-प्रोफाइल क्रिमिनल केस शामिल हैं जो फिल्म में असली कोर्टरूम ड्रामा और थ्रिलिंग कहानी के रूप में दिखेंगे. इसके अलावा राजकुमार ने घोषणा की है कि वो पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली की बायोपिक में भी नजर आएंगे.


Leave a Comment