सुप्रीम कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से नहीं पेश हुए नोएडा प्रदर्शन के आरोपी, 19 मई तक के लिए टली सुनवाई

पिछले महीने अप्रैल में नोएडा में हुए मजदूरों के उग्र प्रदर्शन मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों को लेकर सुनवाई सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार (19 मई, 2026) तक के लिए टाल दी है. दोनों आरोपियों आदित्य आनंद और रुपेश रॉय को सोमवार को 2 बजे कोर्ट में पेश किया जाना था.

दोनों को आज व्यक्तिगत रूप से पेश किया जाना था, लेकिन आज की सारी सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होने के चलते उन्हें जेल से ही वर्चुअली पेश किया गया. जस्टिस बी वी नागरत्ना और जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की बेंच ने कहा कि वह मंगलवार को इस मामले को सुनेंगे. दोनों आरोपियों को कल दोपहर में 2 बजे पेश किया जाए.

आदित्य के भाई की तरफ से दाखिल याचिका में कहा गया है कि दोनों की गिरफ्तारी में उचित प्रक्रिया का पालन नहीं हुआ और उन्हें हिरासत में प्रताड़ित भी किया गया है. शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार के वकील को दोनों आरोपियों को कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश किए जाने का निर्देश दिया था. 

पुलिस का कहना है कि आदित्य और रुपेश इस मामले में मास्टरमाइंड हैं, उन्होंने वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए लोगों को उकसाया, जिसके बाद यह उग्र प्रदर्शन हुआ. याचिकाकर्ता की तरफ से सीनियर एडवोकेट कॉलिन गॉन्जालविस पेश हुए और उन्होंने कोर्ट को बताया कि आदित्य एक इंजीनियर हैं और वह एक लाइब्रेरी भी चलाते हैं. उन्होंने मामले की स्वतंत्र जांच की अपील करते हुए कहा कि आदित्य वर्कर्स के अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं और उन्होंने वर्कर्स के हक के लिए आंदोलन किया और उनकी स्पीच की रिकॉर्डिंग इस बात का सबूत हैं.

यह भी पढ़ें:- ‘बेल नियम, जेल अपवाद’, उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत नहीं दिए जाने से SC नाराज, अपने ही फैसले पर जताई असहमति

एडवोकेट ने यह भी दावा किया कि वकीलों को आदित्य की सही ढंग से मदद नहीं करने दिया जा रहा है. उधर, उत्तर प्रदेश सरकार के वकील ने याचिकाकर्ता के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने वे आरोप भी खारिज कर दिए, जिनमें कहा गया था कि आरोपियों को पुलिस कस्टडी में प्रताड़ित किया गया. उन्होंने इस दलील को भी खारिज कर दिया कि आरोपियों की गिरफ्तारी में उचित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि प्रक्रिया के तहत गिरफ्तारी हुई है. 

नोएडा पुलिस ने 17 अप्रैल को तीन लोगों को उग्र प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार ठहराया था, जिनमें ऑटोरिक्शा ड्राइवर रुपेश रॉय, मनीषा चौहान और जमशेदपुर एनआईटी से बीटेक ग्रेजुएट आदित्य शामिल हैं. 

यह भी पढ़ें:- ‘पुजारियों के चक्कर में मत पड़िए, वे कितना…’, मंदिरों के सेवादारों और कर्मचारियों के लिए वेतन की मांग कर रहे याचिकाकर्ता से क्यों ऐसा बोला SC?

 

(निपुण सहगल के इनपुट के साथ)

Leave a Comment