एक्टर अक्षय कुमार इन दिनों गेम शो व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया होस्ट कर रहे हैं. शो के नए एपिसोड में 100 कंटेंट क्रिएटर्स नजर आएंगे, जिनमें आरजे महवश भी शामिल हैं. हाल ही में सामने आए प्रोमो में अक्षय कुमार, महवश की टांग खींचते दिखते हैं.
दरअसल, महवश ने पहेली पूरी तरह सामने आने से पहले ही उसे सुलझाने की कोशिश की. इस पर अक्षय ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर कोई इसे सही सुलझा दे, तो वह बड़ा इनाम देने को भी तैयार हैं. उनका यह हल्का-फुल्का अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है.
आरजे महवश की टांग खींचते दिखें अक्षय कुमार
सोनी लिव के प्रोमो में आरजे महवश स्क्रीन को गौर से देखती नजर आती हैं. इस पर अक्षय कुमार उनसे मजाकिया अंदाज में कहते हैं, ‘लगता है आप बहुत कन्फ्यूज हैं.’ महवश कहती हैं कि वह पहेली सुलझाने की कोशिश कर रही हैं, तो अक्षय तुरंत जवाब देते हैं कि अभी तो पहेली सामने ही नहीं आई है. फिर हंसते हुए कहते हैं, ‘इसे कोई नहीं सुलझा सकता. जो सुलझा दे उसे मैं 1 करोड़ रुपये दूंगा… 1 करोड़ छोड़ो, अपनी किडनी भी दे दूंगा.’ अक्षय की यह बात सुनकर महवश और वहां मौजूद दर्शक ठहाके लगाने लगते हैं.
आरजे महवश ने शेयर किया पोस्ट
आरजे महवाश ने शो के एक प्रोमो को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा, ‘उस दिन मेरे साथ जितना गलत हो सकता था, सब हुआ था. एपिसोड जरूर देखना.’ इसके बाद उन्होंने वो प्रोमो भी शेयर किया, जिसमें अक्षय कुमार उनकी टांग खींचते नजर आ रहे हैं.

इस पर महवश ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि घबराहट की वजह से वह पहेली शुरू होने से पहले ही उसे सुलझाने लगी थीं. उनका ये पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है. महवश ने ये भी बताया कि किसी ने उनका बचाव करते हुए लिखा, ‘सुलझा नहीं सकती तो क्या हुआ, सोच तो सकती है इंसान.’ बाद में उन्होंने मजाक में अपना ही मूड बदलते हुए लिखा, ‘उस दिन तो किस्मत ही खराब थी मेरी, ये एपिसोड बिल्कुल मत देखना.’ उनके इन मजेदार पोस्ट्स ने फैंस को खूब हंसाया.
इससे पहले फरवरी में महवाश ने अपने इंस्टाग्राम पर शो की शूटिंग की कुछ तस्वीरें शेयर की थीं. उन्होंने बताया कि 101 बुखार होने के बावजूद उन्होंने एपिसोड की शूटिंग की और लिखा कि चाहे कुछ भी हो, शो तो चलना ही चाहिए. उन्होंने अक्षय कुमार की तारीफ करते हुए उन्हें अब तक साथ काम किए लोगों में सबसे प्यारा बताया.
अक्षय कुमार का शो व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी टीवी पर आता है और इसे सोनी लिव पर भी देखा जा सकता है.