250 करोड़ रुपये की ड्रग फैक्ट्री मामले में दाऊद के करीबी सलीम डोला को हिरासत में लेगी क्राइम ब्रांच, होगी पूछताछ

देशभर में फैले नारकोटिक्स नेटवर्क से जुड़े मामलों में से एक सांगली ड्रग्स फैक्ट्री मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का करीबी और कथित ड्रग माफिया सलीम डोला से पूछताछ के लिए मंगलवार (12 मई, 2026) रात मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स सेल अपनी हिरासत में लेने जा रही है.

सूत्रों के मुताबिक, सलीम डोला को हाल ही में तुर्की में हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) उसे भारत लेकर आया. दिल्ली लाए जाने के बाद उसे मुंबई शिफ्ट किया गया, जहां उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं.

जांच एजेंसियों के अनुसार, मुंबई क्राइम ब्रांच आज देर रात सलीम डोला की आधिकारिक कस्टडी लेगी और उसके बाद उससे गहन पूछताछ शुरू की जाएगी. अधिकारियों का मानना है कि डोला से पूछताछ में अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं.

यह मामला सांगली में पकड़ी गई उस बड़ी ड्रग फैक्ट्री से जुड़ा है, जहां मुंबई क्राइम ब्रांच ने पहले छापेमारी कर करीब 250 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद की थी. इस मामले में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और डोला से पूछताछ के बाद और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है.

यह भी पढ़ें:- ‘युवाओं के भविष्य के साथ अपराध…’, NEET पेपर लीक को लेकर गुस्से में राहुल गांधी, पीएम मोदी से कहा ये

क्राइम ब्रांच सूत्रों के मुताबिक, जांच अधिकारी सलीम डोला से कई अहम सवाल पूछ सकते हैं. इनमें देश के अलग-अलग हिस्सों में ड्रग नेटवर्क कैसे संचालित किया जा रहा था, इस रैकेट के मुख्य संचालक और फाइनेंसर कौन थे, और किन अंतरराष्ट्रीय कनेक्शनों के जरिए यह नेटवर्क चलाया जा रहा था, जैसे सवाल शामिल हैं. जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि इस ड्रग सिंडिकेट का संबंध दाऊद इब्राहिम गैंग से जुड़े अंडरवर्ल्ड ऑपरेटिव्स से किस हद तक था.

यह भी पढ़ें:- Explained: तेल-गैस की किल्लत और मिडिल ईस्ट तनाव के बीच PM मोदी का विदेश दौरा क्यों, किन पांच देशों से भारत के लिए क्या लाएंगे?

अधिकारियों के अनुसार, सलीम डोला को मुंबई के अवैध ड्रग कारोबार का बड़ा चेहरा माना जाता है और उसकी कस्टोडियल पूछताछ से नारकोटिक्स सप्लाई चेन, वितरण नेटवर्क, फंडिंग रूट्स और इस रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर अहम जानकारी सामने आ सकती है.

Leave a Comment