3000 रुपये पेंशन, 50 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस… केरल में चुनाव से पहले राहुल गांधी ने किया 5 गारंटी का ऐलान

केरल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कमर कस ली है. राहुल ने चुनाव से पहले  तिरुवनंतपुरम में पांच बड़ी गारंटियों की घोषणा की है. कांग्रेस की ओर से जारी इन ऐलानों में महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योजनाओं पर जोर दिया गया है. राहुल गांधी का कहना है कि इन गारंटियों का उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना, परिवारों को आर्थिक राहत देना और राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाना है.

महिलाओं के लिए बड़ा पैकेज

घोषणाओं के तहत महिलाओं को केरल स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी. इसके अलावा कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं को उच्च शिक्षा में सहयोग देने और परिवारों पर आर्थिक बोझ कम करने के लिए हर महीने एक हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी.

सामाजिक पेंशन बढ़ाकर 3,000 की जाएगी

कमजोर और वंचित वर्गों के लिए दी जाने वाली सामाजिक कल्याण पेंशन को बढ़ाकर ₹3,000 प्रति माह करने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि उन्हें बेहतर आर्थिक सुरक्षा मिल सके.

25 लाख तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा 

स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रस्तावित ओमन चांडी हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम के तहत प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपए तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा कवर देने की योजना बनाई गई है. यह योजना दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री Oommen Chandy के नाम पर प्रस्तावित है.

युवाओं के लिए ब्याज-मुक्त ऋण 

रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने हेतु 5 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त लोन देने का वादा किया गया है. कांग्रेस का मानना है कि इससे नए स्टार्टअप और रोजगार के अवसर पैदा होंगे.

वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग विभाग

घोषणाओं में बुजुर्गों के कल्याण, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए एक समर्पित विभाग बनाने का भी प्रस्ताव शामिल है. राहुल गांधी के मुताबिक ये गारंटियां केरल के सामाजिक ढांचे को मजबूत करने और आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी.

Leave a Comment