419 रुपये से शुरू हुआ था अनु कपूर का सफर, इस नाटक ने बदल दी जिंदगी

बॉलीवुड एक्टर अनु कपूर कल यानी 20 फरवरी को अपना जन्मदिन मनाने वाले हैं. अनु कपूर सिर्फ एक एक्टर ही नहीं, बल्कि सिंगर, निर्देशक, रेडियो जॉकी और टीवी के प्रेजेंटेटर भी है. 70 साल की उम्र में उन्होंने करीब 40 साल इस इंडस्ट्री में काम किया और अलग-अलग भूमिकाओं से दर्शकों का दिल जीता है. अब तक वह 100 से भी ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं, जिनमें जॉली एलएलबी, ड्रीम गर्ल, शौकीन, विक्की डोनर और धर्म संकट में जैसी शानदार फिल्में शामिल है. इन फिल्मों ने उन्हें सिर्फ पहचान नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों का प्यार भी मिला है. 

419 रुपये लेकर आए थे मुंबई 

अनु कपूर का जन्म एक साधारण परिवार में 20 फरवरी 1956 में भोपाल में हुआ था. एक्टिंग की दुनिया में अपना जादू बिखेरने वाले अनु कपूर एक्टर नहीं बनना चाहते थे. उनका सपना था कि वह आईएएस ऑफिसर बने, लेकिन किस्मत ने कुछ और ही सोच रखा रहा था. अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद जब वह मुंबई आए तो उनके पॉकेट में सिर्फ 419 रुपये और 25 पैसे थे. इस बात की जानकारी खुद अनु कपूर ने साल 2020 में दी थी और इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की थी. 

1983 में मिला पहला मौका 

एक इंटरव्यू में अनु कपूर ने अपने संघर्ष के दिनों को याद कर कहा था कि अपना गुजारा करने के लिया उन्होंने चाय की दुकान की और पकौड़े बेचे. जिंदगी में इतने उतार-चढ़ाव और मुश्किलों के बाद उन्हें संघर्ष से कभी भी डर नहीं लगा क्योंकि उन्हें हमेशा लगता है कि किसी की भी मेहनत और उसकी खूबियां ज्यादा समय तक छिपी नहीं रह सकती. जब एक नाटक में उन्होंने 70 साल के बुजुर्ग का अभिनय किया था, तो यह उनके लिए नया मोड़ साबित हुआ था. इसी नाटक में उन्हें निर्देशक श्याम बेनेगल ने देखा था, जिसके बाद उन्हें 1983 की फिल्म ‘मंडी’ मिली. इस फिल्म में उनका किरदार बहुत छोटा था, फिर भी उनकी जमकर तारीफ हुई और यही से उन्हें मौके मिलने लगे. 


Leave a Comment