AI समिट के बीच बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था, दिल्ली की सड़कों पर लगा जाम, रेंगते दिखे वाहन

AI Impact Summit की शुरुआत हो चुकी है. राजधानी दिल्ली में आज (18 फरवरी) को AI समिट के मौके पर जहां एक तरफ भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई विदेशी राष्ट्राध्यक्षों की मेजबानी कर रहे हैं तो कार्यक्रम स्थल से कई किलोमीटर दूर नई दिल्ली भी इस समय अभेद क़िला बन चुकी है. जहां रास्तों को बीते 2 घंटे से बंद किया गया है.  वीवीआईपी मूवमेंट के चलते ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है. प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें नजर आईं. शाम होते-होते जाम का दायरा बढ़ता गया, पिछले एक घंटे से गाड़ियां एक ही जगह पर खड़ी हैं. जिसके चलते लोग परेशान दिखे.

कई रूट्स पर लंबा जाम, रेंगते दिखे वाहन

दिल्ली पुलिस की ओर से ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई थी, हालांकि इसके बाद भी कई रूट्स पर ट्रैफिक जाम की स्थिति देखने को मिली, जिसके चलते लोग परेशान दिखाई दिए. खासकर सेंट्रल दिल्ली में वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली. सोशल मीडिया पर भी लोग जाम को लेकर पोस्ट कर रहे हैं.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नवीन बांगा नाम के एक यूजर ने लिखा, “प्लीज घर जाने दो, बहुत लेट हो गया. धौला कुआं से दिल्ली एयरपोर्ट वाले फ्लाईओवर पर 30 मिनट से खड़ा हूँ. प्लीज मदद कीजिए.” शख्स के पोस्ट पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की भी प्रतिक्रिया सामने आई. जवाब में कहा गया, दिल्ली कैंट सर्कल (टीआई)को जानकारी दे दी गई  है, वह इसकी जांच करेंगे. साथ ही शख्स को दक्षिण-पश्चिम जिले के ACP-T के नंबर पर कॉल करने की सलाह दी गई.

सौरभ भारद्वाज ने साधा निशाना

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी जाम की स्थिति को लेकर निशाना साधा. एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘हम इस एआई समिट में आने वाले अंतर्राष्ट्रीय मेहमानों को क्या दिखा रहे हैं? केंद्र सरकार को एआई शिखर सम्मेलन के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था के लिए कुछ बेसिक जानकारी की जरूरत है जो AI से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है.”

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में हो रहा है. जहां देश-दुनिया से मेहमान हिस्सा ले रहे हैं. ट्रैफिक एडवाइजरी जारी होने के बाद भी दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सराय काले खां के पास, डीएनडी फ्लाईओवर, विकास मार्ग-आईटीओ जैसे रूट्स पर ट्रैफिक देखने को मिल रहा है. कई जगह वाहन घंटों जाम में फंसे नजर आए.


Leave a Comment