‘लाइक्स और व्यूज से कुछ नहीं होता’, श्रेया घोषाल ने गानों की सफलता पर की खुलकर बात

श्रेया घोषाल ने गानों की सफलता पर की खुलकर बात
हाल ही में एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में श्रेया घोषाल ने कहा, ‘गानों पर लाइक्स और व्यूज बहुत ज्यादा होते हैं, क्योंकि हर चीज खरीदी जा सकती है.’ आगे श्रेया ने कहा कि असली सफलता तब होती है जब वो किसी गाने को कॉन्सर्ट में गाती हैं और लोग उसे साथ में गाते हैं, याद रखते हैं और दिल से जुड़ते हैं.

अगर वो पहली बार कोई गाना परफॉर्म करती हैं और अगली बार लोग कहें कि ‘वो गाना तुमने गाया था ना? दोबारा गा सकती हो?’, तो यही गाने की असली कामयाबी है. ये कॉन्सर्ट में होने वाला वो जादू है जो बार-बार दोहराया जाता है. हालांकि श्रेया घोषाल लाइक्स और व्यूज के पीछे नहीं भागतीं, लेकिन वो मानती हैं कि सोशल मीडिया ने म्यूजिक इंडस्ट्री पर गहरा असर डाला है.

सोशल मीडिया पर क्या बोलीं श्रेया घोषाल?
उन्होंने कहा, ‘सोशल मीडिया ने म्यूजिक की दुनिया को काफी बदल दिया है. देखिए, साल 2013 की फिल्म ‘बेशरम’ का गाना ‘दिल का जो हाल है’ रिलीज के 10-11 साल बाद अचानक ट्रेंड करने लगा. इसी तरह ‘सुपर 30’ के ‘जुग्राफिया’ गाने के साथ भी ऐसा ही हुआ. ये सोशल मीडिया का ही जादू है.’

बता दें, श्रेया अब ‘द अनस्टॉपेबल टूर’ की तैयारी कर रही हैं. ये उनका नया कॉन्सर्ट टूर है, जो भारत के कई शहरों और विदेशों में होगा. पहले उनका ‘ऑल हार्ट्स टूर’ 2020 से 2025 तक चला, जिसमें लगभग 50 शहर कवर हुए और हर शो सोल्ड आउट था. अब ‘द अनस्टॉपेबल टूर’ में वो कुछ नया और पर्सनल ला रही हैं.


Leave a Comment