Dhurandhar 2 BO Day 8 Worldwide: दुनियाभर में ‘धुरंधर 2’ का भौकाल, 8वें दिन 11 सौ करोड़ के हुई पार, शाहरुख खान के 3 साल पुराने रिकॉर्ड की उड़ा दी धज्जियां

रणवीर सिंह स्टारर और आदित्य धर निर्देशित फ़िल्म ‘धुरंधर 2’ देश और दुनियाभर के बॉक्स ऑफ़िस पर एक जबरदस्त तूफ़ान बन गई है, जो रुकने का नाम नहीं ले रही और टिकट खिड़की पर खतरनाक कलेक्शन कर रही है. फिल्म की वर्ल्डवाइड परफॉर्मेंस की बात करें तो ये स्पाई थ्रिलर फ़िल्म दुनियाभर में न सिर्फ़ 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली सबसे तेज बॉलीवुड फ़िल्म बन गई है, बल्कि इसने शाहरुख़ ख़ान की फ़िल्म ‘पठान’ के लाइफ़टाइम बिज़नेस को भी पीछे छोड़ दिया है. ‘धुरंधर 2’ का क्रेज़ वर्किंग डेज में भी कम नहीं हुआ है, और दूसरे गुरुवार को भी इसने तगड़ा कलेक्शन कर डाला है. चलिए यहां जानते हैं ‘धुरंधर 2’ का 8वें दिन का कलेक्शन कितना रहा है?

‘धुरंधर 2’ ने 8वें दिन दुनियाभर में कितनी की कमाई?
रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ दुनियाभर में वीकडेज़ में भी बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है. पहले वीकेंड में शानदार कमाई के बाद, फिल्म रेगुलर वर्किंग डेज़ में भी ताबड़तोड़ करोडों कमा रही है और नए बेंचमार्क सेट कर रही है.

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार के शुरुआती अनुमानों के मुताबिक 19,493 शो से इस फिल्म ने भारत में 49.70 करोड़ की कमाई हुई है, जिससे इसका घरेलू बाजार में कुल ग्रॉस कलेक्शन 805.32 करोड़ हो गया है. भारत से नेट कलेक्शन 674.17 करोड़ है. बुधवार तक के विदेशी कलेक्शन (261.92 करोड़) को इसमें जोड़ने पर, दुनिया भर में कुल कलेक्शन ₹1,067.24 करोड़ हो जाता है. गुरुवार के विदेशी कलेक्शन से इसमें और भी करोड़ों रुपए जुड़ गए हैं और यह दुनिया भर में इसने 1100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है.

‘धुरंधर 2’ ने 8वें वर्ल्डवाइड ‘पठान’ के रिकॉर्ड को दी मात
‘धुरंधर 2’ ने रिलीज के 8वें दिन यानी दूसरे गुरुवार को 11 सौ का आंकड़ा पार कर शाहरुख खान की साल 2023 की ब्लॉकबस्टर ‘पठान’ के वर्ल्डवाइड लाइफटाइम कलेक्शन 1069.85 करोड़ को मात दे दी है. अब इसका अगला टारगेट शाहरुख खान की एक और ब्लॉकबस्टर जवान के वर्ल्डवाइड लाइफटाइम कलेक्शन 1163.62 करोड़ को पार करना है.

उम्मीद है कि दूसरे शुक्रवार को फिल्म ये मील का पत्थर पार कर लेगी और इसी के साथ बॉलीवुड की दुनियाभर में तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन जाएगी और दूसरे पर पहुंचने के लिए इसे अपनी ही प्रीक्वल धुरंधर के 1300 करोड़ के लाइफटाइम को मात देनी होगी. जबकि पहले नंबर पर आमिर खान की दंगल 2059 करोड़ के कलेक्शन के साथ काबिज है.

Leave a Comment