पेट्रोल पंपों पर नो स्टॉक के बोर्ड से हड़कंप, कहां हुआ ऐसा, प्रशासन बोले- ‘ईंधन की…’

तेलंगाना के खम्मम, भद्राद्री और हैदराबाद सहित कई शहरों में रविवार को अचानक पेट्रोल पंपों पर ‘नो स्टॉक’ (स्टॉक खत्म) के बोर्ड लगने से वाहन चालकों में घबराहट फैल गई है. फ्यूल की किल्लत को लेकर अफवाहों ने जोर पकड़ लिया, जिससे पंपों के बाहर कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं. हालांकि, प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.

कहां-कहां लगे नो स्टॉक के बोर्ड
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चोटान्यूज ऐप द्वारा पोस्ट की गई जानकारी के अनुसार, हैदराबाद, खम्मम और भद्राद्री कोठागुडेम जिलों के कई इलाकों में स्थित पेट्रोल पंपों के बाहर ‘नो स्टॉक’ के संकेत देखे गए. इससे यह अफवाह उड़ी कि राज्य में ईंधन की भारी कमी हो गई है और कुछ ही घंटों में पेट्रोल-डीजल पूरी तरह समाप्त हो सकता है. अफवाहों से घबराकर लोग अपने वाहनों में जल्द से जल्द ईंधन भराने के लिए पेट्रोल पंपों पर उमड़ पड़े. इस कारण पंपों पर लंबी-लंबी लाइनें लग गईं, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ.

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तेलंगाना के नागरिक आपूर्ति विभाग के आयुक्त स्टीफन रवींद्र ने स्पष्ट किया कि राज्य में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है. उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों पर ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड तकनीकी या प्रशासनिक वजहों से लग सकते हैं, जैसे कि किसी विशेष पंप पर डिलीवरी में एक-दो घंटे की देरी या फिर कैश/ऑनलाइन भुगतान संबंधी छोटी-मोटी दिक्कतें. 

राज्य में ईंधन की कोई कमी नहीं- प्रशासन
उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की बिल्कुल भी आवश्यकता नहीं है. आयुक्त ने अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी है. विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले हफ्ते हुए ईंधन मूल्य वृद्धि और आपूर्ति श्रृंखला में आई तकलीफों के कारण लोगों के मन में पहले से ही एक अविश्वास बैठ गया था. 

ऐसे में कुछ पंपों पर स्टॉक खत्म होने की एक छोटी-सी घटना ने आग की तरह अफवाह फैलाने में मदद कर दी. पुलिस और प्रशासन लगातार सोशल मीडिया पर निगरानी कर रहे हैं और गलत जानकारी फैलाने वाले अकाउंट्स का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं. फिलहाल स्थिति शांत हो गई है. प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंपों को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए हैं. 

ये भी पढ़ें 

Karnataka: मैसूर में हैरान कर देने वाली प्रेम कहानी! 37 साल की महिला ने 22 साल के युवक से रचाई शादी

Leave a Comment