- शपथ ग्रहण और मुख्यमंत्री के चेहरे पर भी की चर्चा।
केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने मंगलवार (5 मई, 2026) को पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यालयों में हुए कथित तोड़फोड़ की खबरों को बीच बड़ा बयान दिया है. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं को सलाह देते हुए कहा कि भाजपा को टीएमसी की तरह व्यवहार नहीं करना चाहिए. रावण हमेशा रावण ही रहेगा और भारतीय जनता पार्टी और उसके समर्थक सभी भगवान राम के अनुयायी है.
बीजेपी कार्यकर्ताओं से क्या बोलें सुकांता मजूमदार?
सुकांता मजूमदार की यह टिप्पणी उस वक्त आई, जब अज्ञात उपद्रवियों की तरफ से आसनसोल के गोधुली और हावड़ा के डुमुरजला में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यालयों में कथित हमले की खबरें सामने आई हैं. बता दें कि आसनसोल में सोमवार (4 मई, 2026) को हुए कथित हमले में दफ्तर को भारी नुकसान पहुंचा, जहां फर्नीचर, झंडे, पोस्टर और बैनर सब फाड़ दिए गए.
इन खबरों के बीच केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, ‘भाजपा को भाजपा ही रहना है, उसे तृणमूल कांग्रेस नहीं बनना चाहिए. लोगों ने टीएमसी को नकार दिया है, इसलिए टीएमसी जैसा बर्ताव मत करें. हम जानते हैं कि आप सभी (स्थानीय लोग और बीजेपी कार्यकर्ता) पर लगातार अत्याचार हुए हैं, लेकिन आपको धैर्य रखना होगा. इस पर पुलिस कार्रवाई करेगी. रावण हमेशा रावण ही रहेगा, लेकिन हम भगवान श्रीराम के अनुयायी हैं, हमें रावण नहीं बनना चाहिए.’
यह भी पढ़ेंः अभी नहीं करेंगे रणनीति का खुलासा, होगी हमारी वापसी, BJP जब हटेगी तब झेलेगी, ममता की धमकी
शपथ ग्रहण समारोह और CM फेस पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री?
इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा, ‘शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चर्चा जारी है और संभावित तारीख 9 मई हो सकती है. पार्टी को उचित निर्देश मिलने दीजिए. भारतीय जनता पार्टी (BJP) में मुख्यमंत्री का नाम पार्टी की प्रक्रिया के अनुसार तय होता है और उसी के अनुसार तय किया जाएगा.’
बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत से टीएमसी को लगा झटका
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों में सामने आए आंकड़ों ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) को करारा झटका दिया है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पश्चिम बंगाल की 206 विधानसभा सीटों पर प्रचंड बहुमत के साथ जीत हासिल की है. बीजेपी की इस जीत के साथ पिछले 15 सालों से बंगाल की सत्ता में कायम मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस की सरकार का अंत हो गया है. इस चुनावी नतीजे को बीजेपी की एक बड़ी जीत के तौर पर देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ेंः ‘जनता ने दोनों हाथ उठाकर हमें आशीर्वाद दिया’, बंगाल चुनाव में प्रचंड जीत के बाद बोले केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार