Assam BJP Controversy: ‘हाथ में गन, टोपी पहने दो लोगों पर निशाना…’, उस वीडियो में ऐसा क्या, जिसपर मचा हंगामा, समझें कहानी

असम बीजेपी की ओर से सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो के बाद विवाद गहरा गया है. विवाद बढ़ने के बाद इस वीडियो को डिलीट कर दिया गया, लेकिन इसके बावजूद मामला शांत नहीं हुआ है. इस वीडियो में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को टोपी पहने दो लोगों पर निशाना साधते हुए दिखाया गया था, जिसे लेकर विपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई है. गौरतलब है कि असम में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में इस वीडियो को चुनावी माहौल से जोड़कर देखा जा रहा है. विपक्षी दलों का आरोप है कि यह वीडियो समाज में नफरत फैलाने वाला है.

इस मुद्दे पर केरल के अलाप्पुझा से लोकसभा सांसद के सी वेणुगोपाल ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बीजेपी के एक आधिकारिक चैनल से ऐसा वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें अल्पसंख्यक समुदाय को सीधे तौर पर निशाना बनाया गया है. उन्होंने इसे बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि यह कोई साधारण वीडियो नहीं है, जिसे नजरअंदाज किया जा सके.

के सी वेणुगोपाल का सोशल मीडिया पोस्ट

के सी वेणुगोपाल ने अपने पोस्ट में कहा कि यह वीडियो नफरत और हिंसा को बढ़ावा देने वाला है और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मामले में न्यायपालिका को सख्त कदम उठाने चाहिए और किसी भी तरह की नरमी नहीं बरतनी चाहिए. साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस पर प्रतिक्रिया या कार्रवाई की उम्मीद नहीं है. जानकारी के अनुसार, यह वीडियो शनिवार को बीजेपी की ओर से “पाइंट ब्लैंक शॉट” नाम के कैप्शन के साथ शेयर किया गया था. वीडियो में मुख्यमंत्री को काउबॉय जैसी वेशभूषा में बंदूक चलाते हुए दिखाया गया है. वीडियो के अंत में बांग्लादेशियों पर कोई दया नहीं, तुम पाकिस्तान क्यों गए? और विदेशी मुक्त असम जैसी लाइनें लिखी हुई थीं.

सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी कड़ी आलोचना हुई. दबाव बढ़ने पर बीजेपी ने वीडियो हटा दिया, लेकिन विपक्ष का कहना है कि इस तरह के कंटेंट से सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचता है. फिलहाल यह विवाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है.


Leave a Comment