इस हफ्ते अगर आप घर बैठकर कुछ अलग और मजेदार देखने का प्लान बना रहे हैं तो हॉलीवुड की ये नई फिल्में और सीरीज आपके लिए बढ़िया ऑप्शन हो सकती हैं. कहीं रोमांस के साथ सस्पेंस है तो कहीं रियल लाइफ की भागदौड़ और फैमिली ड्रामा है. खास बात ये है कि ये सब अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो रही हैं तो आप अपनी पसंद के हिसाब से इसे देख सकते हैं.
56 डेज
‘56 डेज’ की कहानी कोविड-19 महामारी से ठीक पहले शुरू होती है. ओलिवर केनेडी और सियारा वाइज की मुलाकात एक सुपरमार्केट में होती है और धीरे-धीरे दोनों करीब आ जाते हैं. प्यार इतना जल्दी बढ़ता है कि दोनों साथ रहने का फैसला कर लेते हैं. लेकिन कहानी तब पलट जाती है जब एक लाश मिलती है और पुलिस की जांच शुरू हो जाती है. इसके बाद ही शक और सस्पेंस का सिलसिला शुरू होता है. ये फिल्म 18 फरवरी को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी. इसमें डव कैमरन, अवान जोगिया, मेगन पेटा हिल, डोरियन मिसिक, कार्ला सूजा, जेसी जेम्स केटल, मैट मरे और पैच डैराघ जैसे कलाकार नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन लीसा ज्वेरलिंग और कैरन उशर ने किया है.
बीइंग गॉर्डन रैम्जे
‘बीइंग गॉर्डन रैम्जे’ में दुनिया के मशहूर शेफ गॉर्डन रैम्जे की जिंदगी का नया और बड़ा चैलेंज दिखाया गया है. लंदन की चर्चित बिल्डिंग 22 बिशप्सगेट में वो पांच अलग-अलग डाइनिंग एक्सपीरियंस शुरू करने जा रहे हैं. फिल्म में कंस्ट्रक्शन से लेकर लॉन्च तक की पूरी तैयारी और भागदौड़ दिखाई गई है. साथ ही उनकी पर्सनल लाइफ की भी झलक देखने को मिलती है. ये फिल्म 18 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी. इसका निर्देशन डियोन ब्रॉमफील्ड ने किया है और इसमें गॉर्डन रैम्जे खुद मुख्य भूमिका में नजर आएंगे.
द लास्ट थिंग ही टोल्ड मी सीजन 2
‘द लास्ट थिंग ही टोल्ड मी’ का दूसरा सीजन भी इस हफ्ते रिलीज हो रहा है. कहानी हन्ना हॉल और उनकी सौतेली बेटी बेली माइकल्स के इर्द-गिर्द घूमती है. हन्ना के पति के अचानक गायब हो जाने के बाद दोनों अपने रिश्ते को संभालने की कोशिश करती हैं. जैसे-जैसे पुराने राज सामने आते हैं हालात और मुश्किल होते जाते हैं. दोनों हर हाल में खुद को संभाले रखने की कोशिश करती नजर आती हैं. ये सीरीज 20 फरवरी को एप्पल टीवी प्लस पर स्ट्रीम होगी. इसमें जेनिफर गार्नर, अंगौरी राइस, आयशा टायलर, ऑगस्टो एगुइलेरा और निकोलाज कोस्टर-वाल्डाउ जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं. इसे लॉरा डेव और जोश सिंगर ने तैयार किया है.
द नाइट एजेंट सीजन 3
‘द नाइट एजेंट’ का सीजन 3
एक बार फिर जबरदस्त एक्शन और थ्रिल लेकर ‘द नाइट एजेंट’ का सीजन 3 आ रहा है. इस बार एफबीआई एजेंट पीटर सदरलैंड एक नए और पेचीदा मिशन पर नजर आएंगे. कहानी की शुरुआत एक भीड़भाड़ वाले सॉकर गेम से होती है जहां पीटर को उस अपराधी की झलक मिलती है जिसकी वो तलाश कर रहे होते हैं. बिना किसी को सतर्क किए वो उसके पीछे निकल पड़ते हैं. सीरीज इस बात पर टिकी है कि क्या पीटर इस बार भी अपने मिशन में कामयाब हो पाएंगे या मामला और उलझ जाएगा. इस सीजन में गेब्रियल बैसो, डेविड लायंस, जेनिफर मॉरिसन, स्टीफन मोयर, जेनेसिस रोड्रिगेज, कैलम विन्सन और सूरज शर्मा जैसे उम्दा कलाकार नजर आएंगे. इसका निर्देशन शॉन रायन ने किया है. ‘द नाइट एजेंट’ सीजन 3 19 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.