मुंबई ड्रग सिंडिकेट पर बड़ा शिकंजा: दाऊद के करीबी सलीम डोला 8 मई तक NCB की हिरासत में, कोर्ट में कई बड़े खुलासे

Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • उसके अवैध कारोबार से 6.40 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज।

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी मानें जाने वाले इंटरनेशनल ड्रग तस्कर सलीम इस्माइल डोला को गिरफ्तार किया, जिसे आज गुरुवार (30 अप्रैल, 2026) को मुंबई की विशेष कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद आरोपी ड्रग तस्कर सलीम डोला को अगले हफ्ते शुक्रवार (8 मई, 2026) तक NCB की हिरासत में भेज दिया है. इस दौरान एजेंसी उससे गहन पूछताछ कर अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है.

2023 से फरार चल रहा था सलीम डोला

सलीम डोला साल 2023 से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) और रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) भी जारी किया गया था. सोमवार-मंगलवार (27-28 अप्रैल, 2026) की दरमियानी रात को जैसे ही उसे विदेश से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाया गया, वैसे ही इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया.

औपचारिक गिरफ्तारी के बाद NCB सलीम को मुंबई लेकर गई

इसके बाद मंगलवार (28 अप्रैल) को शाम 4:15 बजे सलीम डोला को NCB मुख्यालय, नई दिल्ली में NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया. इसके बाद दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे मुंबई लाया गया, जहां विशेष अदालत में पेश करने के बाद NCB को उसकी कस्टडी सौंप दी गई.

NCB ने अदालत को बताया कि सलीम डोला सिर्फ एक सप्लायर नहीं, बल्कि दाऊद इब्राहिम के अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का एक अहम स्तंभ है. जांच के मुताबिक, डोला विदेशों में बैठकर भारत के कई राज्यों में मेफेड्रोन (MD) की सप्लाई का संचालन कर रहा था और पूरे नेटवर्क को रिमोट तरीके से नियंत्रित करता था.

यह भी पढे़ंः जमीन से जुड़े विवादों के निपटारे के लिए विशेष राजस्व न्याय सेवा बनाने की मांग, सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब

NCB ने कोर्ट को दी मुंबई में हुई छापेमारी की जानकारी

NCB ने कोर्ट को बताया कि मुंबई के डोंगरी ड्रग मामले में पकड़े गए मुख्य आरोपी फैसल शेख का सीधा संपर्क डोला से था. वह व्हाट्सएप कॉल के जरिए डोला से निर्देश लेता था और उसी के इशारे पर मुंबई में ड्रग्स का नेटवर्क चला रहा था. जून 2023 में NCB की मुंबई जोनल यूनिट ने डोंगरी इलाके में दो अलग-अलग छापेमारी के दौरान करीब 20 किलोग्राम मेफेड्रोन (MD) बरामद किया था. इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों आशिक अली, नासिर खान और अल्फिया शेख ने पूछताछ में खुलासा किया था कि पूरे सिंडिकेट के पीछे सलीम डोला का हाथ है.

एजेंसी ने आगे कहा कि ड्रग्स की डिलीवरी मुंबई के जेजे अस्पताल के पास स्थित भीड़भाड़ वाले इलाकों में की जाती थी, जहां अलमास होटल जैसे स्थानों पर व्हाट्सएप कॉल के जरिए डील फिक्स होती थी.

NCB की रिमांड रिपोर्ट में सामने आए बेहद चौंकाने वाले आंकड़े

  • रिमांड रिपोर्ट के मुताबिक, हर महीने करीब 40 किलो मेफेड्रोन की सप्लाई.
  • खरीद दर: 7 लाख रुपये प्रति किलो
  • बिक्री दर: 18 लाख रुपये प्रति किलो तक
  • मुनाफा: हर महीने करीब 40 से 50 लाख रुपये का शुद्ध फायदा

इस तरह यह पूरा ड्रग सिंडिकेट हर महीने करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार कर रहा था.

NCB की जांच में क्या हुआ खुलासा?

NCB की वित्तीय जांच में यह भी सामने आया है कि इस ड्रग नेटवर्क ने अवैध कमाई से करीब 6.40 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति बनाई थी. इन संपत्तियों को SAFEMA (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators Act) के तहत फ्रीज कर दिया गया है. यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि एजेंसी अब सिर्फ गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि आर्थिक नेटवर्क को भी तोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है.

सलीम डोला का आपराधिक रिकॉर्ड

सलीम डोला का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद गंभीर और पुराना है. वह कई बड़े अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय मामलों में वांछित रहा है, जिसमें-  

  • गुजरात: 90.729 किलो मेफेड्रोन केस (RCN जारी).
  • मुंबई (2018): मेक्सिको भेजे जा रहे 100 किलो फेंटानिल मामले में संलिप्तता.
  • DRI केस: गुजरात से कुवैत में 5.5 करोड़ रुपये के प्रतिबंधित गुटखा की तस्करी.
  • 1998: 40 किलो मैंड्रैक्स बरामदगी.
  • 2013: 79 किलो चरस मामले में संलिप्तता.
  • इसके अलावा, मीरा-भायंदर में पकड़े गए मल्टी-स्टेट ड्रग कार्टेल से भी उसके तार जुड़े पाए गए हैं.
  • NCB ने विशेष अदालत में क्या दी दलील?

NCB ने विशेष अदालत में दलील दी कि सलीम डोला की हिरासत इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट की जड़ों तक पहुंचने के लिए बेहद जरूरी है. एजेंसी का मानना है कि डोला के जरिए दाऊद इब्राहिम के ड्रग नेटवर्क, विदेशी फंडिंग और भारत में सक्रिय गुर्गों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है. शुरुआती पूछताछ में डोला ने कई नए नामों और अज्ञात सहयोगियों का खुलासा किया है, जिससे जांच का दायरा और बढ़ गया है.

कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सलीम डोला को 8 मई, 2026 तक NCB की हिरासत में भेज दिया है. आने वाले दिनों में इस पूछताछ के दौरान अंडरवर्ल्ड और ड्रग सिंडिकेट के गठजोड़ से जुड़े कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

यह भी पढे़ंः ‘यह मामला अग्रिम जमानत के लायक नहीं…’, सुप्रीम कोर्ट में पवन खेड़ा की याचिका पर बोले SG तुषार मेहता

Leave a Comment