‘मेरा सिर काटने वाले को 1 करोड़ का इनाम…’, सायोनी घोष ने पीएम मोदी-अमित शाह से की ये मांग

उत्तर प्रदेश के सिकंदराबाद नगर पालिका के चेयरमैन और BJP नेता डॉ. प्रदीप दीक्षित की ओर से की गई विवादित टिप्पणी पर टीएमसी सांसद सायोनी घोष ने प्रतिक्रिया दी है. इसे लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से सवाल किया. सायोनी घोष ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश के सिकंदराबाद से बीजपी नेता और नगर पालिका अध्यक्ष ने उनका सिर काटने वाले को 1 करोड़ रुपये का इनाम देने की सरेआम घोषणा की है.

सायोनी घोष ने पीएम मोदी से की ये मांग

टीएमसी सांसद सायोनी घोष ने कहा, ‘मैं यह देखकर हैरान और स्तब्ध हूं कि  सोशल मीडिया और मुख्यधारा की मीडिया में मेरा सिर काटने वाले को 1 करोड़ रुपये का इनाम देने की बात कही गई.’ उन्होंने कहा, ‘मैं पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से पूछना चाहती हूं कि क्या एक बीजेपी जनप्रतिनिधि द्वारा एक महिला और मौजूदा सांसद का सिर काटने के लिए इनाम की घोषणा करना ही नए भारत में नारी शक्ति वंदन की असली सोच है?’

बीजेपी नेता के खिलाफ तुरंत को कार्रवाई: सायोनी घोष

सायोनी घोष ने कहा, ‘एक तरफ पश्चिम बंगाल के माननीय मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और बीजेपी नेतृत्व ने महिला सुरक्षा और उनके प्रतिनिधित्व को चुनाव का केंद्रीय मुद्दा बनाया था. दूसरी तरफ उनकी ही पार्टी का एक सदस्य अब एक निर्वाचित महिला प्रतिनिधि को सरेआम जान से मारने की धमकी दे रहा है. क्या पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस इस पर तुरंत कार्रवाई करेगी और मेरी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी? मैं बुलंदशहर पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस से मांग करती हूँ कि दिन-दहाड़े मेरी हत्या के लिए उकसाने वाले इस बीजेपी नेता के खिलाफ तत्काल कानूनी और राजनीतिक कार्रवाई की जाए.’

उन्होंने कहा, ‘मैं अपने उन सभी शुभचिंतकों को धन्यवाद देना चाहती हूं जिन्होंने मेरी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. मैं आप सभी को आश्वस्त करना चाहती हूं कि मैं संसद के अंदर और बाहर, विरोध जताने के अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल जारी रखूंगी और ऐसी धमकियों से डरकर चुप नहीं बैठूंगी. जय हिंद.’

ये भी पढ़ें : गले में माला, कंधे पर बिठाकर स्वागत और विजय जुलूस… जमानत के बाद ऐसे किया रेप के आरोपी का स्वागत

Leave a Comment