कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने केरल के मुख्यमंत्री के लिए वीडी सतीशन का नाम फाइनल किया. सतीशन ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने वी डी सतीशन के चयन की सराहना करते हुए कहा कि उनके दढ़ संकल्प, पार्टी और जनता के लिए की गई उनकी सालों की सेवा को स्वीकृति मिली है.
सतीशन के सीएम चुने जाने पर थरूर का पहला रिएक्शन
हालिया विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर प्रचार करने वाले थरूर ने ये भी कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की जीत नहीं, बल्कि टीम यूडीएफ के लिए जनादेश है. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘वी.डी. सतीशन को कांग्रेस विधायक दल का नेता जाने पर हार्दिक बधाई, यह उनकी दृढ़ संकल्प, दृढ़ विश्वास और हमारी पार्टी और लोगों के लिए सालों की समर्पित सेवा की एक उपयुक्त स्वीकृति है. मैंने उनके साथ प्रचार किया और उनकी नियुक्ति से मैं खुश हूं.’
तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सांसद थरूर ने कहा, ‘हम सभी को यह एहसास है कि जिस जनादेश ने उन्हें पद तक पहुंचाया है, वह एक व्यक्ति की जीत नहीं है, यह टीम यूडीएफ के लिए जनादेश है. यह सुनिश्चित करने में प्रत्येक वरिष्ठ नेता की महत्वपूर्ण भूमिका और जिम्मेदारी है कि यह सरकार केरल के लोगों की उम्मीदों पर खरी उतरे. हमारे गठबंधन की ताकत इसकी बहुलता में निहित है और हम सभी एक ऐसे केरल के निर्माण के लिए मिलकर काम करने के लिए तत्पर हैं जो समृद्ध, न्यायपूर्ण और दूरदर्शी हो.’
सतीशन ने केरल कांग्रेस के भीतर बनाई अलग पहचान
सतीशन के लिए यह पद उनकी राजनीतिक यात्रा की बड़ी उपलब्धि है. यह फैसला केरल में लंबे समय से चली आ रही गुटबाजी और चुनावी हार के बाद कांग्रेस के खुद को नए तरीके से तैयार करने की कोशिश को भी दिखाता है. उन्होंने अपनी पहचान गुटबाजी की राजनीति से नहीं, बल्कि विधानसभा में अच्छे प्रदर्शन और संगठन में लगातार काम करके बनाई है.
पेशे से वकील सतीशन ने 2001 में परावुर से विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा. इसके बाद उन्होंने कांग्रेस के तेज़ और प्रभावशाली वक्ताओं में अपनी पहचान बनाई. आंकड़ों, तीखे व्यंग्य और दमदार बोलने के अंदाज के कारण सतीशन वामपंथी दलों के लिए बड़ी चुनौती बन गए. दिलचस्प बात यह है कि उन्हें सबसे बड़ी सफलता ऐसे समय में मिली जब कांग्रेस अपने सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही थी.
ये भी पढ़ें : केरलम के नए CM सतीशन ने राज्यपाल से की मुलाकात, सरकार बनाने का दावा किया पेश, जानें कब होगा शपथ ग्रहण