- खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा क्षेत्र में प्रगति हुई।
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने साल 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में आए शानदार बदलाव का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देते हुए कहा कि बीते 9-10 सालों में योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने पूरे देश के अंदर एक नई और मजबूत पहचान बनाई है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री के रूप में मैंने पिछले कुछ सालों से उत्तर प्रदेश में जो परिवर्तन देखा है, वह अद्भुत है. मैं दावे से कह सकता हूं कि जो काम UP में होते देखा है, ऐसा शानदार उदाहरण देश में कहीं और नहीं दिखा है.
गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का हुआ शिलान्यास
दरअसल, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी शनिवार (16 मई, 2026) को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के भूमि पूजन और शिलान्यास समारोह शामिल हुए. इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन और नेतृत्व की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि योगी जी के नेतृत्व में 2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने नई पहचान बनाकर अन्य राज्यों के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया है.
उन्होंने कहा, ‘एक समय उत्तर प्रदेश की चर्चा यहां की जनसंख्या को लेकर होती थी, लेकिन अब यह विकास, कानून व्यवस्था और सुशासन के लिए जाना जाता है. कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार से निवेशकों में नया विश्वास पैदा हुआ. विकास और रोजगार की गति तेज हुई है और उत्तर प्रदेश निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य बन गया है.’
हर विषय को गहराई से समझने में CM योगी सक्षमः पुरी
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘योगी की छवि सख्त दृढ़ प्रशासक की है. साथ ही उनमें हर विषय को गहराई में देखने का सामर्थ्य है. वह किसी भी विषय को बारीकी से समझकर ही फैसला लेते हैं और उसे क्रियान्वित करते हैं.’ उन्होंने एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर शनिवार (16 मई, 2026) की सुबह सीएम योगी के साथ हुई चर्चा का उल्लेख करते हुए कहा कि योगी जी ने कहा है कि राष्ट्रहित में वह एथेनॉल ब्लेंडिंग के प्रस्ताव को यूपी में लागू कर देंगे. उन्होंने शहरी आवासन मंत्री के रूप में पीएम आवास योजना से जुड़ा अनुभव साझा करते हुए कहा कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश से सिर्फ 17 हजार आवासों की डिमांड आई थी, योगी जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद यह 17 लाख भी पार कर गई.
यह भी पढे़ंः NEET पेपर लीक मामले में ताबड़तोड़ एक्शन, प्रोफेसर कुलकर्णी के अलावा CBI के निशाने पर कौन-कौन?
केंद्रीय मंत्री ने सीएम योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में रोड, एयर, मेट्रो कनेक्टिविटी, डिफेंस कॉरिडोर, हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर, एजुकेशन के क्षेत्र में हुई प्रगति को उल्लेखनीय बताया. साथ ही कहा कि यूपी में हरित ऊर्जा और कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) के क्षेत्र में बहुत संभावनाएं हैं. यह किसानों की आय बढ़ाने में भी मददगार है. उन्होंने कहा कि यूपी में लग रहे सीबीजी प्लांट वेस्ट-टू-वेल्थ विजन को साकार कर रहे हैं.
स्टेडियम निर्माण में इंडियन ऑयल ने दिया 60 करोड़ का योगदानः पुरी
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को CM योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताते हुए कहा, ‘आज सिर्फ स्टेडियम परियोजना का शिलान्यास हीं नहीं हो रहा, बल्कि युवाओं के सपनों और संभावनाओं को नई दिशा देने का संकल्प सिद्धि की ओर बढ़ रहा है. स्टेडियम निर्माण में पेट्रोलियम मंत्रालय के इंडियन ऑयल ने 60 करोड़ रुपये का योगदान दिया है और अन्य पेट्रोलियम कंपनियों ने भी अपने हिस्से की जिम्मेदारी उठाई है.’ उन्होंने कहा, ‘यह स्टेडियम आने वाले समय के युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा. यहां नई खेल प्रतिभाएं जन्म लेंगी और भारत का भविष्य निखरेगा.’
जो बोलते हैं, उसे पूरा करते हैं सीएम योगी: रवि किशन
गोरखपुर से लोकसभा सांसद रवि किशन शुक्ल ने इस मौके पर कहा, ‘गोरखपुर में भी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनेगा, यह किसी ने सोचा भी नहीं था. सीएम योगी ने युवा खेल प्रतिभाओं को पंख देने के लिए इस स्टेडियम की सौगात दी है. यहां विश्व के सारे खिलाड़ी खेलने आएंगे. इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के बन जाने से रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे.’ उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जो कहते हैं, उसे पूरा भी करते हैं.
अब पूर्वांचल में तैयार होंगे रोहित व विराट जैसे खिलाड़ी: कमलेश पासवान
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास के मौके पर केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के जरिए CM योगी ने पूरे पूर्वांचल के लिए बड़ी सौगात दी है. इससे आने वाले समय में पूर्वांचल में ही रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे बड़े खिलाड़ी तैयार होंगे. साल 209 में यहीं आईपीएल के मैच भी हो सकेंगे.
उन्होंने विकासपरक विजन के लिए मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि सीएम के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश और गोरखपुर का अभूतपूर्व विकास हुआ है. अब यहां स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर भी विश्व स्तरीय बन रहा है.
सीएम योगी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा यूपी का खेल क्षेत्र: गिरीश चंद्र यादव
शिलान्यास समारोह में प्रदेश के खेल और युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा, ‘पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है. प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में तेजी से खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं. साथ ही सरकार ने हर ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम बनाने की पहल की है.’
उन्होंने कहा, ‘सबसे बड़ी आबादी का राज्य होने के बाद भी यूपी में खेल विश्वविद्यालय नहीं था. सीएम योगी आदित्यनाथ के विजन से मेरठ में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर मेरठ में खेल विश्वविद्यालय बनाया गया है. इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने की कार्यवाही को आगे बढ़ाया है.’ खेल मंत्री ने आगे कहा कि सीएम योगी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के पदक विजेता खिलाड़ियों को रोजगार की गारंटी दे रखी है.
यह भी पढ़ेंः ‘हालात अच्छे नहीं हुए तो खत्म हो सकता सब कुछ’, ऊर्जा संकट को लेकर पीएम मोदी ने चेताया