‘उनके पास 12 सालों में दिखाने के लिए कुछ खास नहीं…’, PM मोदी के आरोपों पर कांग्रेस का पलटवार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (18 अप्रैल, 2026) को देश के नाम दिए संबोधन में महिला आरक्षण बिल के पारित न होने को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने लोकसभा में 131वें संविधान संशोधन बिल के पारित न होने का ढिकरा कांग्रेस, टीएमसी, समाजवादी पार्टी और डीएमके समेत पूरे विपक्षी गठबंधन पर फोड़ दिया. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी पार्टियों ने देश की नारी शक्ति से उनके अधिकारों को हासिल करने का मौका छीन लिया है. आज पूरे देश के लोगों के सामने विपक्ष का असली चेहरा आ गया है. वहीं, पीएम मोदी के संबोधन पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री पूरी तरह से बौखला गए हैं और घबरा गए हैं.

PM मोदी घबराए और बौखलाए हुए हैं- सुप्रिया श्रीनेत

कांग्रेस पार्टी की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘नरेंद्र मोदी ने अपने 29 मिनट के भाषण में कांग्रेस का नाम 58 बार लिया, यानी हर मिनट में दो बार. इसी से पता चलता है कि वे कितने बौखलाए और घबराए हुए हैं, क्योंकि उनकी विभाजनकारी और अलोकतांत्रिक डेलिमिटेशन की साजिश को विपक्ष ने हरा दिया.’

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘कितना झूठ बोलते हैं आप मोदी जी. 29 मिनट का भाषण, 58 बार कांग्रेस का नाम. यह डर अच्छा है. अगर आपके अंदर जरा सा भी सच्चाई है तो सोमवार (20 अप्रैल) को 543 लोकसभा सीटों पर महिला आरक्षण कीजिए, समूचा विपक्ष साथ देगा. देश की हर महिला आरक्षण के पीछे छिपकर परिसीमन करने की आपकी साजिश समझती है.’

पीएम मोदी ने लोकतंत्र और संविधान पर किया हमला- खरगे

वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने X पोस्ट में कहा, ‘निराश और हताश नरेंद्र मोदी, जिनके पास पिछले 12 सालों में दिखाने के लिए कुछ खास नहीं है, उन्होंने राष्ट्र के नाम अपने आधिकारिक संबोधन को एक राजनीतिक भाषण में बदल दिया, जो कि सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप और झूठी बातों से भरा हुआ था. आदर्श आचार संहिता पहले से लागू है और यह साफ दिखा कि पीएम मोदी ने अपने विरोधियों पर हमला करने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया. यह लोकतंत्र और भारत के संविधान दोनों पर एक गंभीर हमला है.’

उन्होंने कहा, ‘मोदी जी ने कांग्रेस का नाम 59 बार लिया, जबकि महिलाओं का उल्लेख बहुत कम किया. इससे देश को उनकी प्राथमिकताओं के बारे में सब कुछ पता चलता है. महिलाएं भाजपा की प्राथमिकता नहीं है, बल्कि कांग्रेस है, क्योंकि कांग्रेस इतिहास के सही पक्ष में खड़ी है.’

यह भी पढ़ेंः PM Modi Speech: ‘लटकाना, अटकाना इनका काम’, एंटी रिफॉर्म बता कांग्रेस पर बरसे PM मोदी, गिनाई विरोध की पूरी लिस्ट


Leave a Comment