संडे को बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला. दरअसल विवादित फिल्म केरल स्टोरी 2 की रिलीज के बाद रविवार को कुछ हफ्तों ओ रोमियो से लेकर बॉर्डर 2 तक का मामला गड़बड़ा गया और ये फिल्में वीकेंड पर खास कमाई नहीं कर पाईं. चलिए यहां जानते हैं संडे को किस फिल्म ने कितना कलेक्शन किया?
द केरल स्टोरी 2 ने संडे को कितनी की कमाई?
रिलीज के लिए मंज़ूरी मिलने में देरी की वजह से द केरल स्टोरी 2 शुक्रवार शाम को रिलीज़ हुई, जिससे इसकी कमाई पर असर पड़ा. इसी के साथ इस फिल्म ने पहले दिन 75 लाख रुपये की कमाई की. लेकिन दूसरे दिन शनिवार को इसकी कमाई में काफ़ी उछाल देखने को मिला और इसने 4.65 करोड़ रुपये कमाए. वहीं सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक द केरल स्टोरी 2 ने रिलीज के तीसरे दिन संडे को 5 करोड़ कमाए. जिसके बाद इस फिल्म का भारत में 3 दिनों का टोटल नेट कलेक्शन 10.5 करोड़ रुपये हो गया है.
स्क्रीम 7 ने संडे को कितनी की कमाई?
हॉरर मिस्ट्री स्क्रीम 7 शुक्रवार, 27 फरवरी, 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज़ हुई थी. फिल्म को केविन विलियमसन ने डायरेक्ट किया है और इसमें नेव कैंपबेल, कर्टनी कॉक्स, इसाबेल मे और जैस्मीन सेवॉय ब्राउन अहम रोल में हैं. स्क्रीम 7 की भारत में शुरुआत काफी धीमी हुई और इसने 0.4 करोड़ से ओपनिंग की. वहीं दूसरे दिन इसने 25 फीसदी की तेजी दिखाई और 0.5 करोड़ कमाए. लेकिन संडे को इसके कलेक्शन मे सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबित 32 फीसदी की मंदी देखी गई और इसकी कमाई 0.34 करोड़ रुपये रही. इसी के साथ इस फिल्म के चार दिनों का टोटल कलेक्शन 1.24 करोड़ रुपये हुआ है.
ओ रोमियो का तीसरे संडे का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर फिल्म को विशाल भारद्वाज ने निर्देशित किया है. फिल्म में विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया, अविनाश तिवारी, दिशा पाटनी, फरीदा जलाल और नाना पाटेकर ने अहम रोल प्ले किया है. इस फिल्म से काफी उम्मीदें थीं लेकिन ये दर्शकों को इम्प्रेस नहीं कर पाई इसी के साथ इसकी कमाई भी खास नहीं हुई है. बता दें कि इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, गैंगस्टर ड्रामा फिल्म ने रिलीज के 17वें दिन यानी तीसरे संडे को 1.15 करोड़ कमाए हैं. जिसके बाद इस फिल्म की 17 दिनों की भारत में कुल कमाई अब 65.15 करोड़ रुपये हो गई है.
अस्सी ने दूसरे संडे कितनी की कमाई?
अनुभव सिंह के डायरेक्शन में बनी और तापसी पन्नू स्टारर कोर्ट रूम ड्रामा अस्सी भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक नहीं खींच पाई. इस फिल्म की शुरुआत काफी ठंड़ी हुई थी और फिर पहले हफ्ते में भी इसका कलेक्शन सिर्फ 6.95 करोड़ रुपये रहा. इसके बाद 8वें दिन इसने 45 लाख रुपये कमाए और 9वें दिन 60 लाख का कलेक्शन किया. इसके बाद 10वें दिन यानी दूसरे संडे को फिल्म ने 48 लाख रुपये कमाए. इसी के साथ इस फिल्म की भारत में 10 दिनों की टोटल कमाई 8.48 लाख रुपये हो चुकी है.
बॉर्डर 2 ने छठे संडे कितनी की कमाई?
सनी देओल की बॉर्डर 2 बॉक्स ऑफिस पर नई फिल्मों के आगे भी डटी हुई है. दिलचस्प बात ये है कि इसे सिनेमाघरों में रिलीज हुए 38 दिन हो चुके हैं और ये अब भी नोट कमा रही है. हालांकि इसका कलेक्शन अब काफी कम हो चुका है. बता दें कि बॉर्डर 2 ने सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक रिलीज के 38वें दिन यानी छठे संडे को 25 लाख रुपये कमाए हैं. इसी के साथ इस फिल्म की 38 दिनों की कुल कमाई अब 327.55 करोड़ रुपये हो गई है.
मर्दानी 3 ने पांचवें संडे कितना किया कलेक्शन
रानी मुखर्जी की मर्दानी 3 ने भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म किया है. ये फिल्म भी रिलीज के पांचवें हफ्ते में भी कमाई कर रही है और बॉर्डर 2 को बराबर की टक्कर दे रही है. हालांकि इसकी कमाई भी काफी कम हो चुकी है. फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो मर्दानी 3 ने पांचवें संडे यानी 31वें दिन 24 लाख का कलेक्शन किया है. जिसके बाद इस फिल्म की 31 दिनों की टोटल कमाई अब 49.29 करोड़ रुपये हो गई है.