बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की बुधवार (6 मई) रात कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार कर हत्या कर दी गई.पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम आने के कुछ ही घंटे के भीतर हुई इस घटना पर तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आईं हैं और क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है.
घटना उत्तरी 24 परगना जिले में मध्यमग्राम क्षेत्र के दोहरिया में हुई, जहां शुभेंदु अधिकारी के सहायक चंद्रनाथ रथ पर हमला किया गया. बाइक पर सवार लोगों ने उन्हें करीब से गोली मार दी. हमलावरों ने रथ की कार का पीछा किया, उसे रोका और उन पर गोली चला दी. हमला करने के तुरंत बाद हमलावर फरार हो गए. रथ ड्राइवर के बगल में आगे की सीट पर बैठे थे. रथ के ड्राइवर को भी गोली लगी और उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया, ‘पीड़ित को मृत अवस्था में लाया गया था. छाती पर कई गोलियां लगी थीं, एक गोली उनके पेट में भी लगी थी.’ घटना के चलते तनाव के बीच इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। सूत्रों के अनुसार, गोलीबारी में शामिल लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.
सुवेंदु अधिकारी के पीए की मौत पर डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता ने कहा, ‘हमने जांच शुरू कर दी है. अपराध में इस्तेमाल की गई गाड़ी को जब्त कर लिया है. पता चला है कि उसकी नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई थी. इस्तेमाल की गई नंबर प्लेट सिलीगुड़ी की एक गाड़ी की है, लेकिन यह फर्जी है. हमने घटनास्थल से कुछ खाली कारतूस और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं. अब तक मिली जानकारी के आधार पर हम कार्रवाई कर रहे हैं और फिलहाल मैं इतनी ही जानकारी साझा कर सकता हूं.’
4 मई को बंगाल चुनाव का रिजल्ट सामने आने के बाद से राज्य में हिंसा की कई घटनाएं सामने आ रही हैं. इस दौरान कई लोगों पर जानलेवा हमले हुए हैं. हिंसा की घटनाओं के बीच बुधवार को ही सुवेंदु अधिकारी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व अभी भी सक्रिय हैं. भाजपा की सरकार बनने के बाद, पार्टी से जुड़ाव या बिना किसी भेदभाव के सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई भाजपा नेता या कार्यकर्ता हिंसा भड़काते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.