US Iran War: ‘जरूरत के अनुसार तेल-गैस का हो इस्तेमाल, यह समय…’, मिडिल ईस्ट तनाव के बीच PM मोदी का बड़ा बयान

Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • हैदराबाद में 9,377 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (10 मई, 2026) को पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच भारत के सभी नागरिकों से पेट्रोलियम उत्पादों का संयम के साथ इस्तेमाल करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि भारत बड़े पैमाने पर ईंधन आयात करता है, इसलिए पेट्रोल, डीजल और गैस का सोच-समझकर इस्तेमाल करना जरूरी है.

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में 9,377 करोड़ रुपये की लागत की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने कहा, ‘आज समय की मांग है कि पेट्रोल-डीजल और गैस जैसी चीजों का बहुत संयम से इस्तेमाल किया जाए. हमें आयात किए जाने वाले पेट्रोलियम उत्पादों का इस्तेमाल सिर्फ जरूरत के अनुसार करना चाहिए. इससे न सिर्फ विदेशी मुद्रा की बचत होगी, बल्कि युद्ध के दुष्प्रभाव भी कम होंगे.’

भारत रिन्यूएबल और वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहाः PM मोदी

पीएम मोदी की यह यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते भारत ऊर्जा संकट का सामना कर रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा कि भारत रिन्यूएबल और वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. सौर ऊर्जा के उत्पादन में भारत दुनिया के शीर्ष देशों में शामिल हो चुका है. साथ ही पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को बढ़ावा देकर आयात होने वाले ईंधन पर निर्भरता कम करने की दिशा में भी अभूतपूर्व प्रगति हुई है.

यह भी पढ़ेंः बंगाल-असम साधने के बाद BJP का दक्षिण भारत पर फोकस! PM मोदी ने तेलंगाना को दी 9377 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

पीएम मोदी ने ऊर्जा रणनीति पर दिया जोर

ऊर्जा रणनीति पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘सरकार का पहला लक्ष्य हर घर तक एलपीजी पहुंचाना था और अब सस्ती पाइप्ड गैस (PNG) आपूर्ति के विस्तार पर तेजी से काम किया जा रहा है. केंद्र सरकार CNG आधारित इकोसिस्टम को भी सक्रिय रूप से बढ़ावा दे रही है, ताकि ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाई जा सके.’

पीएम मोदी ने किन-किन विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन

तेलंगाना में 9,377 करोड़ रुपये की लागत से तैयार परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘भारत आज रिफॉर्म्स एक्सप्रेस पर आगे बढ़ रहा है और आधुनिक बुनियादी ढांचे का तेजी से निर्माण कर रहा है.’ पीएम मोदी ने जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उनमें हैदराबाद-पनजी आर्थिक कॉरिडोर पर राष्ट्रीय राजमार्ग-167 के गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक फोर-लेन निर्माण और संगारेड्डी जिले के जहीराबाद औद्योगिक क्षेत्र का विकास शामिल है.

इसके अलावा, उन्होंने कई अन्य आधारभूत परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया, जिनमें काजीपेट-विजयवाड़ा रेलवे मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना के हिस्से, हैदराबाद में ग्रीनफील्ड पेट्रोलियम, ऑयल एंड लुब्रिकेंट (POL) टर्मिनल, काजीपेट रेल अंडर रेल बाइपास और वारंगल स्थित पीएम मित्रा पार्क यानी काकतिया मेगा टेक्सटाइल पार्क भी शामिल है.

केंद्र सरकार के 5F विजन के तहत बना पीएम मित्रा पार्क

करीब 1,700 करोड़ रुपये की लागत से बना काकतिया मेगा टेक्सटाइल पार्क भारत का पहला पूर्ण रूप से कार्यरत पीएम मित्रा पार्क है. यह केंद्र सरकार के ‘5F’ विजन (Farm to Fibre to Factory to Fashion to Foreign) को साकार करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है, ताकि कपड़ा उद्योग की पूरी वैल्यू चेन मजबूत हो और निर्यात को बढ़ावा मिल सके.

यह भी पढ़ेंः PM मोदी की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश! बेंगलुरु में कार्यक्रम स्थल के पास मिला विस्फोटक, एजेंसियों में हड़कंप

Leave a Comment