Eknath Shinde On BJP: बंगाल की जीत पर एकनाथ शिंदे का बड़ा बयान, कहा- ‘मोदी-शाह रणनीति की जीत’

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पश्चिम बंगाल में एनडीए और बीजेपी की जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति की बड़ी सफलता बताया. उन्होंने कहा कि जनता ने विकास, भरोसे और राष्ट्रहित की राजनीति को समर्थन दिया है.एकनाथ शिंदे ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली जीत बीजेपी और एनडीए कार्यकर्ताओं की लगातार मेहनत और मजबूत रणनीति का नतीजा है. उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार पश्चिम बंगाल में एनडीए को इतनी बड़ी सफलता मिली है.

एकनाथ शिंदे  ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल में यह चुनाव डर और भरोसे के बीच था. जनता ने डर को ठुकराकर भरोसे को चुना. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का सपना लोगों के सामने रखा और देश को आर्थिक ताकत बनाने की बात कही. जनता ने उसी सोच पर विश्वास जताया है.’ अमित शाह की तारीफ करते हुए शिंदे ने कहा कि वह कई सालों से पश्चिम बंगाल में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहे थे. उन्होंने कहा कि अमित शाह की माइक्रो मैनेजमेंट रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से यह ऐतिहासिक जीत संभव हुई. शिंदे ने अमित शाह को आधुनिक राजनीति का चाणक्य भी बताया.

ये भी पढें: तमिलनाडु में नई सरकार पर सस्पेंस बरकार! VCK ने TVK के समर्थन के लिए विजय के सामने रखी ये शर्त

पश्चिम बंगाल में डबल इंजन सरकार बनने से विकास

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि अब पश्चिम बंगाल में डबल इंजन सरकार बनने से विकास को नई रफ्तार मिलेगी. उद्योग, रोजगार, सड़क, निवेश और दूसरी सुविधाओं के क्षेत्र में राज्य आगे बढ़ेगा. युवाओं को नौकरी के मौके मिलेंगे और नई कंपनियां राज्य में आएंगी. इस दौरान एकनाथ शिंदे ने विपक्ष पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि जनता ने भ्रष्टाचार, आतंकवाद और गुंडाराज की राजनीति को नकार दिया है और राष्ट्रहित को सबसे ऊपर रखा है. उनके मुताबिक लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी की नेशन फर्स्ट नीति को स्वीकार किया है. शिंदे ने बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी और पार्टी कार्यकर्ताओं के संघर्ष का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने डर और हिंसा के बावजूद लगातार मेहनत की. कई लोगों ने हमलों और मुश्किलों का सामना किया, लेकिन पीछे नहीं हटे. उन्होंने कहा कि आज की जीत उसी संघर्ष और मेहनत का परिणाम है.

ये भी पढें: मुकुल रॉय के करीबी, पूर्व केंद्रीय मंत्री… कौन हैं निशीथ प्रमाणिक, जिन्हें शुभेंदु मंत्रिमंडल में किया गया शामिल?

Leave a Comment