केंद्र सरकार ने चांदी (Silver) के इंपोर्ट को लेकर बड़ा फैसला किया है. केंद्र ने शनिवार को चांदी के इंपोर्ट के लिए अपनी मंजूरी जरूरी कर दी , जिससे इस मेटल को ‘फ्री’ से ‘रिस्ट्रिक्टेड’ कैटेगरी में डाल दिया गया. दरअसल अप्रैल में सालाना आधार पर सिल्वर के इंपोर्ट में करीब 157 फीसदी की बढ़ोतरी हुई थी. हाल ही में सरकार ने सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी (आयात शुल्क) को 6% से बढ़ाकर 15% करने के बाद उठाया गया है, ताकि इंपोर्ट को कंट्रोल किया जा सके और ऊर्जा व उर्वरक जैसी जरूरी वस्तुओं के लिए विदेशी मुद्रा बचाई जा सके.
दो प्रकार के HS कोड में बुलियन-ग्रेड चांदी या 99.9% या उससे अधिक वजन वाली चांदी की छड़ें और अन्य प्रकार की चांदी की छड़ें शामिल हैं. हार्मोनाइज्ड सिस्टम (एचएस) कोड व्यापारिक उत्पादों के लिए एक वर्गीकरण प्रणाली है. अधिसूचना के अनुसार, शनिवार से चांदी का अप्रतिबंधित आयात बंद कर दिया गया है. अब किसी को भी इसे इंपोर्ट करने के लिए सरकारी मंजूरी या लाइसेंस की आवश्यकता होगी.
भारत के पास अभी कितनी विदेशी मुद्रा?
सरकार का ये आदेश भारत के विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव के मद्देनजर गैर-जरूरी विदेश यात्रा से बचने और एक वर्ष तक सोना न खरीदने की अपील के कुछ दिनों बाद आया है. भारत के पास 690 अरब डॉलर से अधिक का विदेशी मुद्रा भंडार है, जो 10 महीनों के इंपोर्ट को कवर करने के लिए पर्याप्त है. हालांकि, सरकार सतर्कता बरत रही है क्योंकि युद्ध लंबा खिंच सकता है. विशेष रूप से सोने और चांदी के इंपोर्ट से काफी दबाव पड़ रहा है.
चांदी का इंपोर्ट सोने से कई गुना ज्यादा
वित्तीय वर्ष 2026 में भारत का सोने का आयात 24.08% बढ़कर 71.98 अरब डॉलर हो गया, जबकि चांदी का आयात 149.48% बढ़कर 12.05 अरब डॉलर हो गया. सरकार द्वारा शुक्रवार को जारी व्यापार आंकड़ों से पता चला है कि अप्रैल में चांदी का आयात बढ़कर 411.06 मिलियन डॉलर हो गया, जबकि अप्रैल 2025 में यह 159.85 मिलियन डॉलर था. अप्रैल 2026 में चांदी का आयात 181.17% बढ़कर 3,845.51 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष के इसी महीने में यह 1,367.67 करोड़ रुपये था.
अप्रैल माह के लिए इंपोर्ट की गई वस्तुओं की मात्रा से संबंधित आंकड़े अभी जारी नहीं किए गए हैं. हालांकि उपलब्ध आंकड़ों से पता चलता है कि मार्च 2026 में चांदी की आयात मात्रा और मूल्य दोनों ही मार्च 2025 की तुलना में भारी रहा. भारत ने चांदी की खेप मार्च 2025 में 128,987 किलोग्राम और मार्च 2026 में 91% बढ़कर 247,008 किलोग्राम इंपोर्ट की.
ये भी पढ़ें