कर्नाटक में एक बार फिर डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को ‘मुख्यमंत्री’ बनाए जाने की मांग उठी है. शुक्रवार (15 मई, 2026) को बेलगावी और दूसरी जगहों पर उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार को ‘अगला मुख्यमंत्री’ घोषित करने वाले बैनर दिखाई दिए.
डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को अपना 64वां जन्मदिन मनाया है. इसी अवसर पर उन्हें ‘भावी मुख्यमंत्री ‘ बताते हुए पोस्टर लगाए गए हैं. उत्तरी कर्नाटक के बेलगावी शहर में चन्नम्मा सर्कल पर लगाए गए होर्डिंग में डीके शिवकुमार को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी गईं. बताया जा रहा है कि इसे कांग्रेस नेता और महिला व बाल कल्याण मंत्री लक्ष्मी हेब्बालकर के बेटे मृणाल हेब्बालकर ने लगवाया था.
गौरतलब है कि लक्ष्मी हेब्बालकर अपनी सफलता का श्रेय डीके शिवकुमार को देती हैं. यह भी ध्यान देने वाली बात है कि हेब्बालकर के भाई चन्नराज हट्टीहोली कांग्रेस के एमएलसी हैं. हालांकि, उपमुख्यमंत्री ने पहले ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की थी कि वे उनके जन्मदिन के जश्न के लिए बैनर या पोस्टर न लगाएं. इसके बावजूद ‘अगला मुख्यमंत्री’ वाले पोस्टर लगाए जाने से राजनीतिक हलकों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
बेंगलुरु में अपने जन्मदिन के जश्न पर टिप्पणी करते हुए डीके शिवकुमार ने कहा, ‘जश्न पूरी रात चलता रहा. मेरे दोस्त और समर्थक मुझसे मिलने का इंतेजार कर रहे थे. मैं क्या कर सकता हूं? उनका प्यार, भरोसा और आशीर्वाद ही ऐसा है. मैंने अपने सभी समर्थकों को निर्देश दिया था कि इस मौके पर बैनर न लगाएं. अधिकारियों ने पहले ही लगभग 50 प्रतिशत बैनर हटा दिए हैं.’
यह भी पढ़ें:- हवाई किराए में बेहिसाब बढ़ोतरी पर सुप्रीम कोर्ट ने जताई चिंता, केंद्र से जवाब मांगते हुए कहा- यात्रियों के बारे में करिए विचार
इसी बीच, वैदिक विद्वानों और पुजारियों ने शुक्रवार सुबह बेंगलुरु में डीके शिवकुमार के सदाशिवनगर स्थित आवास पर उनसे मुलाकात की. विद्वानों और पुजारियों ने वैदिक मंत्रों का जाप करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. राज्य सरकार में मंत्री शरण प्रकाश पाटिल ने भी शिवकुमार के आवास पर उनसे मुलाकात की और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी.